Wednesday, 5 June 2024

एक कहानी- फेसबुक वॉल से... जो बदल देगी आपका नज़र‍िया

 


जैसे ही खबर मिली कि रामाधीर चल बसा, मैं भागता हुआ उसके घर की ओर निकल पड़ा।

मुझे उस पर विश्वास ही नहीं करना चाहिए था। पैसे से तो गरीब ही था पर गांव में उसकी बहुत इज्जत थी। कुछ महीने पहले ही तो आया था वो

"विक्रम बाबू! पचास हजार रुपये चाहिए, वही दो प्रतिशत ब्याज पर, अगले साल फरवरी में दे दूंगा"

इससे पहले भी उसने मुझसे दो चार बार पैसे उधार लिए थे। और तय वक़्त पर सूद समेत लौटा भी दिए थे। 

किसान आदमी था..मेहनती भी था। उसकी ईमानदारी पर शक नहीं था। पर चिंता की बात ये है कि इस लेन देन का कोई हिसाब है नहीं मेरे पास। बेटे के एडमिशन में लाखों का खर्चा भी है, और फिर आज ये खबर मिली

मैं उसके घर पहुंचा तो गांव के कुछ लोग भी थे। 

रामाधीर अब रहा नहीं, मैं कहूँ भी तो कहूँ किससे। मुझे देख उसका बेटा, जो लगभग अठारह वर्ष का होगा, वो आया

"बैठिए..चाचा"

"हां.. कैसे..अचानक.."

"सीने में दर्द उठा..कल रात में.. हॉस्पिटल ले जाते वक़्त ..रास्ते में ही..."

"ओह"

इसके अलावा मेरे मुंह से उसे देख कुछ निकला ही नहीं। और उनकी गरीबी, और लाचारी देख शायद..कुछ महीने निकलेगा भी नहीं। कुछ देर बैठ..मैं निकलने ही वाला था कि एक वृद्ध व्यक्ति बगल के ही गांव से आया और आते ही, अपने गमछे से अपने आंसू पोंछता, मेरी तरफ इशारा करते हुए कहा

"ये पचास हजार रुपये.. तुम्हारे बापू ने.. इसी विक्रम बाबू से लिये थे"

मैं आश्चर्य से उन्हें देखने लग गया

"बिटिया की शादी और घर मरम्मत के लिए जरूरत थी, हम गरीब को कौन इतनी बड़ी रकम देता..तो रामाधीर ने बड़ी मदद की थी उस समय" उसने लगभग रोते हुए वो पैसे उसके बेटे को दे दिए

उस वृद्ध व्यक्ति की आँखों में रामाधीर के लिए श्रद्धा भाव देख, मन मेरा भी भर आया और मैं सोचने लगा कि, हमसे सूद पर पैसे लेकर, उस महान व्यक्ति ने किसी गरीब की समय पर मदद की और उससे सूद भी नहीं लिया..

और..मैं..! मेरा मन मुझे धिक्कारने लग गया। 

तभी उसका बेटा मेरे करीब आया

"चाचा ये आपके पैसे" वो पैसे पकड़ा..अपने पिता के अंतिम संस्कार की तैयारी के लिए बढ़ा ही था

"सुनो बेटे..रामाधीर ने मुझसे चालीस ही लिए थे..ये दस उसी के थे"

मैं जानता हूँ, मैंने झूठ कहा था..पर ये मेरी ओर से उस गुरु को गुरुदक्षिणा थी..जो जाते जाते मुझे..मानवता का पाठ पढ़ा गया..!......आंख भिगो दी रामाधीर तुमने तो |


साभार- Pravin Agrawal  #कहानीवाला 

Thursday, 21 March 2024

मृगनयनी को यार नवल रसिया (हवेली संगीत-रसिया)....ब्रज की होली.. हो...ली

आज ब‍िरज में होरी रे रस‍िया..... 


 बनारस एवं ब्रज, मथुरा और वृंदावन क्षेत्र में अधिक लोकप्रिय है। रसिया ‘रस की खान’ कहे जाते हैं। इसमें लोकमानस अपने जीवन के सुख-दुख, हर्ष-विषाद, उमंग और उल्लास की कथा का वर्णन अधिकतर रसिया शैली में ही व्यक्त किया जाता है। यह शैली लोकशैली के अंतर्गत मानी जाती है। रसिया शैली को होली के समय गाया जाता है। एक प्रचलित लोकगीत रसिया शैली में इस प्रकार से है:


“आज बिरज में होली रे रसिया।

होली रे रिसिया बरजोरी रे लिया।”


एक अन्य गीत में लोकमानस के भावों की अभिव्यक्ति हुई है जिसमें नायिका की सुंदर आँखों का बहुत ही सुंदर ढंग से रसिया लोकगीत शैली में प्रस्तुत किया है:


निराली कार्तिक, अंकिता जोशी की आवाज़ में सुन‍िए ये होली 

https://youtu.be/Z_dJOT9JbUA

मृगनयनी को यार नवल रसिया, 

मृगनयनी को।।       


बड़ी-बड़ी अँखिया नैंनन में सुरमा, 

तेरी टेढ़ी चितवन मेरे मन बसिया ||1||


अतलस को याको लेंहगा सोहे,

झूमक सारी मेरो मन बसिया ||2||


छोटी अंगूरिन मुंदरी सोहे,

याके बीच आरसी मन बसिया. ||3||


याके बांह बड़ाे बाजूबन्द सोहे,

याके हियरे हार दिपत छतिया ||4||


रंगमहल में सेज बिछाई,

याके लाल पलंग पचरंग तकिया ||5||


पुरुषोत्तम प्रभु देख विवश भये,

सबे छोड़ ब्रज में बसिया.. ||6||


एक और #होली भजन...!! ज‍िसे सुनकर आनंद‍ित हुए ब‍िना नहीं रह सकेंगे आप। 

https://www.youtube.com/watch?v=bIytLwl4HIk

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री

रंग में घोलो री

आज याहे रंग में घोलो री

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री ….2

कोरे कोरे कलश मंगाओ री

रंग केसर का घोलो री

मुख पे केसर मालो करो

कालो से गोरो री

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री ….2

पड़ोसन पास बुलाये लायो जी

आँगन में थको घेरो री

पीताम्बर लियो चीयर याहे

पहनाये देव लहंगों री ….2

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री ….2

याकि बांस की बसुरिया

जाहे तुम तोड़ मरोड़ो री

ताली दे दे यह नचाओ

अपनी आओरो री ….2

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री ….2

चाँद सखी की यही विनती

करे तोसे मैं हारी री

आअहा हाय पड़े जब पाया

तब ही छोड़े री ….2

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री ….2

रंग में घोलो री

आज याहे रंग में घोलो री

होली है ………….

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री ….4

होली है …...


पुष्ट‍िमार्ग के समाज संगीत में होली गायन सुन‍िए -  


होली खेलन आयो श्याम 

सोंवरो होरी खेलन आयो,

मैं दधि बेचन गयी री वृंदावन,

मारग आडो आयो.।।

महीं माट मेरो सघरो ढुलायो,

माखन लूंटी लूंटी खायो.

ऐ जशोदाजी को जायो सोंवरो।।१।।

वृंदावनकी कुंज गली में,

खेल भारी मचायो,

लाल गुलाल अबीर उडायो,

मुठी भरी भरी धायो

सावरे बादल छायो ।।२।।

सब सखीयन मिलि मोहन घेर्यो,

रंग दयी करने रिझायो।।

"सूरश्याम " प्रभु तिहारे मिलन कुं,

चरण कमल चित्त लायो,

सखी मैने महासुख पायो सावरो।।३।।


https://www.youtube.com/watch?v=bIytLwl4HIk


खेलन लागे होरी रसिक दोउ (बसंत होली धमार कीर्तन) पुष्टिमार्ग हवेली संगीत


https://youtu.be/xD-YuU5r680

- अलकनंदा स‍िंंह 

Saturday, 13 January 2024

आज के ही दिन हुआ था ''बर्बाद गुलिस्तां... लिखने वाले शायर का इंतकाल


 ‘बर्बाद गुलिस्तां करने को बस एक ही उल्लू काफ़ी है, हर शाख पे उल्लू बैठे हैं अंजाम ऐ गुलिस्तां क्या होगा।’ जैसा शेर लिखने वाले शौक़ बहराइची का इंतकाल आज के ही दिन यानी 13 जनवरी 1964 को हुआ था। उनका जन्‍म भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्‍या के सैयदवाड़ा मौहल्‍ले में 6 जून 1884 हुआ। शौक़ बहराइची का वास्तविक नाम 'रियासत हुसैन रिज़वी' था। ये बहुत प्रसिद्ध शायर थे। नेताओं व ग़लत कार्यों में लिप्त व्यक्तियों पर कटाक्ष करने के लिए इस्‍तेमाल किया जाने वाला बहुचर्चित शेर ''बर्बाद गुलिस्तां करने को... इन्‍हीं के द्वारा लिखा गया था किंतु बहुत कम लोग हैं, जिन्हें यह पता होगा कि इस शेर को लिखने वाले शायर का नाम 'शौक़ बहराइची' है। 

जीवन परिचय
एक साधारण शिया मुस्लिम परिवार में पैदा हुए शौक़ बहराइची, बहराइच में जा बसने के कारण 'बहराइची' कहलाने लगे। यहीं पर उन्होंने ग़रीबी में भी शायरी से नाता जमाए रखा। रियासत हुसैन रिज़वी उर्फ ‘शौक़ बहराइची’ के नाम से शायरी के नए आयाम गढ़ने लगे। उनके बारे में जो भी जानकारी प्रामाणिक रूप से मिली, वह उनकी मौत के तकरीबन 50 साल बाद बहराइच निवासी व लोक निर्माण विभाग के रिटायर्ड इंजीनियर ताहिर हुसैन नक़वी के नौ वर्षों की मेहनत का नतीजा है। उन्होंने उनके शेरों को संकलित कर ‘तूफ़ान’ किताब की शक्ल दी गयी है। 
ग़रीबी में बीता जीवन
ताहिर हुसैन नक़वी बताते हैं “जितने मशहूर अन्तर्राष्ट्रीय शायर शौक़ साहब हुआ करते थे उतनी ही मुश्किलें उनके शेरों को ढूँढने में सामने आईं। निहायत ग़रीबी में जीने वाले शौक़ की मौत के बाद उनकी पीढ़ियों ने उनके कलाम या शेरों को सहेजा नहीं। अपनी खोज के दौरान तमाम कबाड़ी की दुकानों से खुशामत करके और ढूंढ ढूंढकर उनके लिखे हुए शेरों को खोजना पड़ा”। शौक़ बहराइची की एक मात्र आयल पेंटिग वाली फोटो के बारे में ताहिर नक़वी बताते हैं “यह फोटो भी हमें अचानक एक कबाड़ी की ही दुकान पर मिल गई अन्यथा इनकी कोई फोटो भी मौजूद नहीं थी।” 
व्यंग्य जिसे उर्दू में तंज ओ मजाहिया कहा जाता है, इसी विधा के शायर शौक़ ने अपना वह मशहूर शेर बहराइच की कैसरगंज विधानसभा से विधायक और 1957 के प्रदेश मंत्री मंडल में कैबिनेट स्वास्थ मंत्री रहे हुकुम सिंह की एक स्वागत सभा में पढ़ा था जहाँ से यह मशहूर होता ही चला गया। ताहिर नक़वी बताते हैं कि यह शेर जो प्रचलित है उसमें और उनके लिखे में थोड़ा सा अंतर कहीं कहीं होता रहता है। 
वह बताते हैं कि सही शेर यह है
 “बर्बाद ऐ गुलशन की खातिर बस एक ही उल्लू काफ़ी था, 
हर शाख पर उल्लू बैठा है अंजाम ऐ गुलशन क्या होगा।”

गुमनाम शायर
शौक़ बहराइची की मौत के 50 वर्ष बीत जाने के बाद भी उनके बारे में कहीं कोई सुध ना लेना, एक मशहूर शायर को गुमनाम मौत देने के लिए साहित्य की दुनिया को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। शौक़ की इस गुमनामियत पर उनका ही एक और मशहूर शेर सही बैठता है।
“अल्लाहो गनी इस दुनिया में सरमाया परस्ती का आलम, 
बेज़र का कोई बहनोई नहीं ज़रदार के लाखों साले हैं”
शौक़ बहराइची के  दिन बहराइच में काफ़ी ग़रीबी में बीते। यहाँ तक कि उन्हें कोई मदद भी नहीं मिली। आज़ादी के बाद सरकार की ओर से कुछ पेंशन बाँध देने के बाद भी जब पेंशन की रकम उन तक नहीं पहुंची तो बहुत बीमार चल रहे शायर शौक़ के मन ने उस पर भी तंज कर ही दिया।
“सांस फूलेगी खांसी सिवा आएगी लब पे जान हजी बराह आएगी, 
दादे फ़ानी से जब शौक़ उठ जाएगा तब मसीहा के घर से दवा आएगी”

पढ़‍िए उनकी कुछ और गज़लें - 

1.

ईमान की लग़्ज़िश का इम्कान अरे तौबा

ईमान की लग़्ज़िश का इम्कान अरे तौबा 
बद-चलनी में ज़ाहिद का चालान अरे तौबा 

उठ कर तिरी चौखट से हम और चले जाएँ 
इंग्लैण्ड अरे तौबा जापान अरे तौबा 

है गोद के पालों से अब ख़ौफ़-ए-दग़ा-बाज़ी 
ये अपने ही भांजों पर बोहतान अरे तौबा 

इंसानों को दिन दिन भर अब खाना नहीं मिलता 
मुद्दत से फ़रोकश हैं रमज़ान अरे तौबा 

लिल्लाह ख़बर लीजे अब क़ल्ब-ए-शिकस्ता की 
गिरता है मोहब्बत का दालान अरे तौबा 

दामान-ए-तक़द्दुस पर दाग़ों की फ़रावानी 
इक मौलवी के घर में शैतान अरे तौबा 

अब ख़ैरियतें सर करी मालूम नहीं होतीं 
गंजों को है नाख़ुन का अरमान अरे तौबा 

मशरिक़ पे भी नज़रें हैं मग़रिब पे भी नज़रें हैं 
ज़ालिम के तख़य्युल की लम्बान अरे तौबा 

ऐ 'शौक़' न कुछ कहिए हालत दिल-ए-मुज़्तर की 
होता है मसीहा को ख़फ़्क़ान अरे तौबा ।

2. 

है शैख़ ओ बरहमन पर ग़ालिब गुमाँ हमारा


है शैख़ ओ बरहमन पर ग़ालिब गुमाँ हमारा 
ये जानवर न चर लें सब गुल्सिताँ हमारा 

थी पहले तो हमारी पहचान सई-ए-पैहम 
अब सर-बरहनगी है क़ौमी निशाँ हमारा 

हर मुल्क इस के आगे झुकता है एहतिरामन 
हर मुल्क का है फ़ादर हिन्दोस्ताँ हमारा 

ज़ाग़ ओ ज़ग़न की सूरत मंडलाया आ के पैहम 
कस्टोडियन ने देखा जब आशियाँ हमारा 

मक्र-ओ-दग़ा है तुम से इज्ज़-ओ-ख़ुलूस हम से 
वो ख़ानदाँ तुम्हारा ये ख़ानदाँ हमारा 

फ़रियाद मय-कशों की सुनता नहीं जो बिल्कुल 
बहरा ज़रूर है कुछ पीर-ए-मुग़ाँ हमारा 

दर पर हमारे गुम हो हर इक हसीं तो कैसे 
हर आस्ताँ से ऊँचा है आस्ताँ हमारा 

हर ताजवर की इस पर ललचा रही हैं नज़रें 
है जैसे हल्वा सोहन हिन्दोस्ताँ हमारा 

हो गर तुम्हारी मर्ज़ी तो बहर-ए-रंज-ओ-ग़म से 
हो जाए पार बेड़ा अल्लाह-मियाँ हमारा 

चाह-ए-ज़क़न से उन के सैराब तो हुए हम 
मीठे कुओं से अच्छा खारा कुआँ हमारा 

हों शैख़ या बरहमन सब जानते हैं मुझ को 
है 'शौक़' नाम-ए-नामी ऐ मेहरबाँ हमारा ।

3.

ज़ाहिरन ये बुत तो हैं नाज़ुक गुल-ए-तर की तरह

ज़ाहिरन ये बुत तो हैं नाज़ुक गुल-ए-तर की तरह 
दिल मगर होता है कम-बख़्तों का पत्थर की तरह 

जल्वा-गाह-ए-नाज़ में देख आए हैं सौ बार हम 
रंग-ए-रू-ए-यार है बिल्कुल चुक़ंदर की तरह 

मूनिस-ए-तन्हाई जब होता नहीं है हम-ख़याल 
घर में भी झंझट हुआ करता है बाहर की तरह 

आप बेहद नेक-तीनत नेक-सीरत नेक-ख़ू 
हरकतें करते हैं लेकिन आप बंदर की तरह 

जिस के हामी हो गए वाइ'ज़ वो बाज़ी ले गया 
अहमियत है आप की दुनिया में जोकर की तरह 

अल्लाह अल्लाह ये सितम-गर की क़यामत-ख़ेज़ चाल 
रोज़ हंगामा हुआ करता है महशर की तरह 

पूछने वाले ग़म-ए-जानाँ की शीरीनी न पूछ 
ग़म के मारे रोज़ उड़ाते हैं मुज़ा'अफ़र की तरह 

ज़ेब-ए-तन वाइ'ज़ के देखी है क़बा-ए-ज़र-निगार 
सर पे अमामा है इक धोबी के गट्ठर की तरह 

दोस्त के ईफ़ा-ए-व'अदा का है अब तक इंतिज़ार 
गुज़रा अक्टूबर नवम्बर भी सितंबर की तरह 

नाज़ में अंदाज़ में रफ़्तार में गुफ़्तार में 
अर्दली भी हैं कलेक्टर के कलेक्टर की तरह 

नश्शा-बंदी चाहते तो हैं ये हामी दीन के 
फिर भी मिल जाए तो पी लें शीर-ए-मादर की तरह 

हो रहा है जिस क़दर भी 'शौक़'-साहब इंसिदाद 
उतनी ही कटती है रिश्वत मूली गाजर की तरह।

- अलकनंदा सि‍ंंह  
 

Wednesday, 13 December 2023

आज व‍िश्व कव‍िताओं में से कुछ अनूद‍ित कव‍ितायें आप भी पढ़ें

 

 नोबल पुरस्कार से सम्मानित बॉब डिलन का मशहूर गीत 'ब्लॉइंग इन द विंड' का हिंदी अनुवाद


कितने रास्ते तय करे आदमी
कि तुम उसे इंसान कह सको?
कितने समन्दर पार करे एक सफ़ेद कबूतर
कि वह रेत पर सो सके ?
हाँ, कितने गोले दागे तोप
कि उनपर हमेशा के लिए पाबन्दी लग जाए?
मेरे दोस्त, इनका जवाब हवा में उड़ रहा है
जवाब हवा में उड़ रहा है।
हाँ, कितने साल क़ायम रहे एक पहाड़
कि उसके पहले समन्दर उसे डुबा न दे?
हाँ, कितने साल ज़िन्दा रह सकते हैं कुछ लोग
कि उसके पहले उन्हें आज़ाद किया जा सके?
हाँ, कितनी बार अपना सिर घुमा सकता है एक आदमी
यह दिखाने कि उसने कुछ देखा ही नहीं?
मेरे दोस्त, इनका जवाब हवा में उड़ रहा है
जवाब हवा में उड़ रहा है।
हाँ, कितनी बार एक आदमी ऊपर की ओर देखे
कि वह आसमान को देख सके?
हाँ, कितने कान हो एक आदमी के
कि वह लोगों की रुलाई को सुन सके?
हाँ, कितनी मौतें होनी होगी कि वह जान सके
कि काफ़ी ज़्यादा लोग मर चुके हैं ?
मेरे दोस्त, इनका जवाब हवा में उड़ रहा है
जवाब हवा में उड़ रहा है।

मूल अँग्रेज़ी से अनुवाद : भोला रबारी
......

Pakistani poet of Urdu language

Obaidullah Aleem: 

गुज़रो न इस तरह कि तमाशा नहीं हूँ मैं

गुज़रो न इस तरह कि तमाशा नहीं हूँ मैं
समझो कि अब हूँ और दोबारा नहीं हूँ मैं
इक तब्अ' रंग रंग थी सो नज़्र-ए-गुल हुई
अब ये कि अपने साथ भी रहता नहीं हूँ मैं
तुम ने भी मेरे साथ उठाए हैं दुख बहुत
ख़ुश हूँ कि राह-ए-शौक़ में तन्हा नहीं हूँ मैं
पीछे न भाग वक़्त की ऐ ना-शनास धूप
सायों के दरमियान हूँ साया नहीं हूँ मैं
जो कुछ भी हूँ मैं अपनी ही सूरत में हूँ 'अलीम'
'ग़ालिब' नहीं हूँ 'मीर'-ओ-'यगाना' नहीं हूँ मैं 
.....

Pakistani poet of Urdu language
परवीन शाकिर की नज़्म 'आज की शब तो किसी तौर गुज़र जाएगी'


आज की शब तो किसी तौर गुज़र जाएगी
रात गहरी है मगर चाँद चमकता है अभी
मेरे माथे पे तिरा प्यार दमकता है अभी
मेरी साँसों में तिरा लम्स महकता है अभी
मेरे सीने में तिरा नाम धड़कता है अभी
ज़ीस्त करने को मिरे पास बहुत कुछ है अभी
तेरी आवाज़ का जादू है अभी मेरे लिए
तेरे मल्बूस की ख़ुश्बू है अभी मेरे लिए
तेरी बाँहें तिरा पहलू है अभी मेरे लिए
सब से बढ़ कर मिरी जाँ तू है अभी मेरे लिए
ज़ीस्त करने को मिरे पास बहुत कुछ है अभी
आज की शब तो किसी तौर गुज़र जाएगी!
आज के ब'अद मगर रंग-ए-वफ़ा क्या होगा
इश्क़ हैराँ है सर-ए-शहर-ए-सबा क्या होगा
मेरे क़ातिल तिरा अंदाज़-ए-जफ़ा क्या होगा!
आज की शब तो बहुत कुछ है मगर कल के लिए
एक अंदेशा-ए-बेनाम है और कुछ भी नहीं
देखना ये है कि कल तुझ से मुलाक़ात के ब'अद
रंग-ए-उम्मीद खिलेगा कि बिखर जाएगा
वक़्त पर्वाज़ करेगा कि ठहर जाएगा
जीत हो जाएगी या खेल बिगड़ जाएगा
ख़्वाब का शहर रहेगा कि उजड़ जाएगा

- Legend News

Thursday, 9 November 2023

राग कान्हरो में सुन‍िए बाबा नंददास द्वारा रच‍ित पद गायन 'दीपदान दै हटरी बैठे'


 दीपावली आए और ब्रज में कान्हा का उत्सव ना हो ...भला ऐसा हो सकता है क्या ....  

पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय के कव‍ियों ने अपनी अपनी राग रचनाओं से भगवान श्री कृष्ण को दुलारने की जो काव्य आराधना की, वह अनूठी है। आज हम ऐसी ही ऐ रचना का संदर्भ देते हुए बताने जा रह हैं अष्टछाप कवियों में से एक नंददास के बारे में 

पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय के अष्टछाप कवियों में से एक पदों के शिल्प-वैशिष्ट्य के कारण प्रसिद्ध नन्ददास (वि ० सं ० १५९० - ) ब्रजभाषा के एक सन्त कवि थे। वे वल्लभ संप्रदाय (पुष्टिमार्ग) के आठ कवियों (अष्टछाप कवि) में से एक प्रमुख कवि थे। ये गोस्वामी विट्ठलनाथ के शिष्य थे।

नन्ददास का जन्म सनाढ्य ब्राह्मण कुल में वि ० सं ० 1420 में (अष्टछाप और वल्लभ :डा ० दीनदयाल गुप्त :पृष्ठ २५६-२६१ ) अन्तर्वेदी राजापुर (वर्तमान श्यामपुर) में हुआ जो वर्तमान समय में उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में है। ये संस्कृत और बृजभाषा के अच्छे विद्वान थे। भागवत की रासपंचाध्यायी का भाषानुवाद इस बात की पुष्टि करता है। वैषणवों की वार्ता से पता चलता है कि ये रसिक किन्तु दृढ़ संकल्प से युक्त थे।

एक बार ये द्वारका की यात्रा पर गए और वहाँ से लौटते समय ये एक क्षत्राणी के रूप पर मोहित हो गये। लोक निन्दा की तनिक भी परवाह न करके ये नित्य उसके दर्शनों के लिए जाते थे। एक दिन उसी क्षत्राणी के पीछे-पीछे आप गोकुल पहुँचे। इसी बीच वि० सं० १६१६ में आपने गोस्वामी विट्ठलनाथ दीक्षा ग्रहण की और तदुपरान्त वहीं रहने लगे। डॉ० दीनदयाल गुप्त के अनुसार इनका मृत्यु-संवत १६३९ है।

चौरासी वैष्णवन की वार्ता के अनुसार नन्ददास, गोस्वामी तुलसीदास के छोटे भाई थे। विद्वानों के अनुसार वार्ताएं बहुत बाद में लिखी गई हैं। ''हिन्दी साहित्य का इतिहास : आचार्य रामचन्द्र शुक्ल : पृष्ठ १७४'' के आधार पर सर्वसम्मत निर्णय नहीं हो सकता। पर इतना निश्चित है कि जिस समय वार्ताएं लिखी गई होंगी उस समय यह जनश्रुति रही होगी कि नन्ददास तुलसीदास भाई हैं, चाहे चचेरे हों, ऐसा '' हिन्दी साहित्य : डा० हजारी प्रसाद द्विवेदी : पृष्ठ१८८''  तथा  गुरुभाई '' हिन्दी सा० का इति० : रामचंद्र शुक्ल :पृष्ठ १२४ ''  में कहा गया है। 


राग कान्हरो में सुन‍िए बाबा नंददास का ये पद - 

इस ल‍िंक पर क्ल‍िक करें -

दीपदान दै हटरी बैठे, नंद बाबा के साथ। 

नाना के मेवा आए, बांटत अपुने हाथ॥ 

सोभित सब सिंगार बिराजत, अरु चंदन दिए माथ। 

नंददास प्रभु सिगरन आगे गिरि गोबरधन नाथ॥  

अब इसी हटरी का रसात्मक भाव भी देख‍िए - 

श्री गोकुलनाथजी एवं श्री हरिरायचरण कृत भावभावना में 'हटरी' का रसात्मक भाव स्पष्ट किया गया है....तदनुसार हटरी रसोद्दीपन का भाव है...

हटरी लीला में जब व्रजभक्तिन सौदा लेने को आती हैं...तो वहाँ अनेक प्रकार से हास्यादिक, कटाक्षादिक आश्लेशादिक करके भाव उद्दीपन किया जाता है....इस उद्दीपनलीला का संकेत श्रीहरिरायचरण भी स्वरचित पद के माध्यम से देते हैं----

गृह-गृह ते गोपी सब आई, भीर भई तहाँ ठठरी।
तोल-तोल के देत सबनको भाव अटल कर राख्यो अटरी।।

'रसिक' प्रीतम के नयनन लागी,श्रीवृषभान कुँवरि की।।

'हटरी' शब्द का अर्थ बताते हुए श्रीहरीरायचरण आज्ञा करे है की....

"हटरी" = हट + री

अर्थात एक सखी दूसरी सखी को कह रही है कि....

तू हट री अब मोंकू प्रभु के लावण्यामृत को पान रसास्वादन करिबे दे ।

ऐसे थे रस‍िक बाबा नंददास , नन्ददास ग्रन्थावली :सं० ब्रजरत्नदास :पदावली ७९ में राधा के अतिरिक्त कृष्ण अपने सौन्दर्य और रसिकता के कारण गोपियों के भी प्रियतम बन जाते हैं। श्यामसुन्दर के सुन्दर मुख को देखकर वे मुग्ध हो जाती हैं और कभी-कभी सतत दर्शनों में बाधा -रूप अपनी पलकों को कोसती हैं। बाबा नंददास  काव्य की दृष्ट‍ि से अतुलनीय हैं । 
- अलकनंदा स‍िंंह 

ये भी पढ़ें- 

 https://khudakewastey.blogspot.com/search/label/%23KumbhanDas

Wednesday, 8 November 2023

अपने अपारम्परिक अंदाज़ के लिए मशहूर थे उर्दू शायर जौन एलिया, पढ़‍िए उनकी कुछ नज्में

 

भारत के प्रसिद्ध उर्दू शायर जौन एलिया का पूरा नाम सय्यद हुसैन जौन असग़र नक़वी था। 14 दिसम्बर 1931 को उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पैदा हुए जौन एलिया का इंतकाल 8 नवम्बर 2002 पाकिस्‍तान के शहर कराची में हुआ। सादा लेकिन तीखी तराशी और चमकाई हुई ज़बान में निहायत गहरी और शोर अंगेज़ बातें कहने वाले हफ़्त ज़बान शायर, पत्रकार, विचारक, अनुवादक, गद्यकार, बुद्धिजीवी और स्व-घोषित नकारात्मकतावादी एवं अनारकिस्ट जौन एलिया एक ऐसे ओरिजनल शायर थे जिनकी शायरी ने न सिर्फ उनके ज़माने के अदब नवाज़ों के दिल जीत लिए बल्कि जिन्होंने अपने बाद आने वाले अदीबों और शायरों के लिए ज़बान-ओ-बयान के नए मानक निर्धारित किए। जौन एलिया ने अपनी शायरी में इश्क़ की नई दिशाओं का सुराग़ लगाया। वो बाग़ी, इन्क़िलाबी और परंपरा तोड़ने वाले थे लेकिन उनकी शायरी का लहजा इतना सभ्य, नर्म और गीतात्मक है कि उनके अशआर में मीर तक़ी मीर के नश्तरों की तरह सीधे दिल में उतरते हुए श्रोता या पाठक को फ़ौरी तौर पर उनकी कलात्मक विशेषताओं पर ग़ौर करने का मौक़ा ही नहीं देते। मीर के बाद यदा-कदा नज़र आने वाली तासीर की शायरी को निरंतरता के साथ नई गहराईयों तक पहुंचा देना जौन एलिया का कमाल है। 


जौन एलिया ने अपनी शाइरी की शुरुआत 8 साल की उम्र से की लेकिन उनका पहला काव्य संग्रह "शायद" उस वक़्त आया जब उनकी उम्र 60 साल की हो गयी थी और इसी किताब ने उनको शोहरत की बलन्दियों को पहुँचा दिया


पढ़‍िए उनकी कुछ नज़्में - 


1 

तुम जब आओगी तो खोया हुआ पाओगी मुझे 

मेरी तन्हाई में ख़्वाबों के सिवा कुछ भी नहीं 

मेरे कमरे को सजाने की तमन्ना है तुम्हें 

मेरे कमरे में किताबों के सिवा कुछ भी नहीं 

इन किताबों ने बड़ा ज़ुल्म किया है मुझ पर 

इन में इक रम्ज़ है जिस रम्ज़ का मारा हुआ ज़ेहन 

मुज़्दा-ए-इशरत-ए-अंजाम नहीं पा सकता 

ज़िंदगी में कभी आराम नहीं पा सकता 


2


हर बार मेरे सामने आती रही हो तुम 

हर बार तुम से मिल के बिछड़ता रहा हूँ मैं 

तुम कौन हो ये ख़ुद भी नहीं जानती हो तुम 

मैं कौन हूँ ये ख़ुद भी नहीं जानता हूँ मैं 

तुम मुझ को जान कर ही पड़ी हो अज़ाब में 

और इस तरह ख़ुद अपनी सज़ा बन गया हूँ मैं 

तुम जिस ज़मीन पर हो मैं उस का ख़ुदा नहीं 

पस सर-ब-सर अज़िय्यत ओ आज़ार ही रहो 

बेज़ार हो गई हो बहुत ज़िंदगी से तुम 

जब बस में कुछ नहीं है तो बेज़ार ही रहो 

तुम को यहाँ के साया ओ परतव से क्या ग़रज़ 

तुम अपने हक़ में बीच की दीवार ही रहो 

मैं इब्तिदा-ए-इश्क़ से बे-मेहर ही रहा 

तुम इंतिहा-ए-इश्क़ का मेआ'र ही रहो 

तुम ख़ून थूकती हो ये सुन कर ख़ुशी हुई 

इस रंग इस अदा में भी पुरकार ही रहो 

मैं ने ये कब कहा था मोहब्बत में है नजात 

मैं ने ये कब कहा था वफ़ादार ही रहो 

अपनी मता-ए-नाज़ लुटा कर मिरे लिए 

बाज़ार-ए-इल्तिफ़ात में नादार ही रहो 

जब मैं तुम्हें नशात-ए-मोहब्बत न दे सका 

ग़म में कभी सुकून-ए-रिफ़ाक़त न दे सका 

जब मेरे सब चराग़-ए-तमन्ना हवा के हैं 

जब मेरे सारे ख़्वाब किसी बेवफ़ा के हैं 

फिर मुझ को चाहने का तुम्हें कोई हक़ नहीं 

तन्हा कराहने का तुम्हें कोई हक़ नहीं 


3

चाहता हूँ कि भूल जाऊँ तुम्हें 

और ये सब दरीचा-हा-ए-ख़याल 

जो तुम्हारी ही सम्त खुलते हैं 

बंद कर दूँ कुछ इस तरह कि यहाँ 

याद की इक किरन भी आ न सके 

चाहता हूँ कि भूल जाऊँ तुम्हें 

और ख़ुद भी न याद आऊँ तुम्हें 

जैसे तुम सिर्फ़ इक कहानी थीं 

जैसे मैं सिर्फ़ इक फ़साना था 


4

धुँद छाई हुई है झीलों पर 

उड़ रहे हैं परिंद टीलों पर 

सब का रुख़ है नशेमनों की तरफ़ 

बस्तियों की तरफ़ बनों की तरफ़ 

अपने गल्लों को ले के चरवाहे 

सरहदी बस्तियों में जा पहुँचे 

दिल-ए-नाकाम मैं कहाँ जाऊँ 

अजनबी शाम मैं कहाँ जाऊँ 


5 


वो किताब-ए-हुस्न वो इल्म ओ अदब की तालीबा 

वो मोहज़्ज़ब वो मुअद्दब वो मुक़द्दस राहिबा 

किस क़दर पैराया परवर और कितनी सादा-कार 

किस क़दर संजीदा ओ ख़ामोश कितनी बा-वक़ार 

गेसू-ए-पुर-ख़म सवाद-ए-दोश तक पहुँचे हुए 

और कुछ बिखरे हुए उलझे हुए सिमटे हुए 

रंग में उस के अज़ाब-ए-ख़ीरगी शामिल नहीं 

कैफ़-ए-एहसासात की अफ़्सुर्दगी शामिल नहीं 

वो मिरे आते ही उस की नुक्ता-परवर ख़ामुशी 

जैसे कोई हूर बन जाए यकायक फ़लसफ़ी 

मुझ पे क्या ख़ुद अपनी फ़ितरत पर भी वो खुलती नहीं 

ऐसी पुर-असरार लड़की मैं ने देखी ही नहीं 

दुख़तरान-ए-शहर की होती है जब महफ़िल कहीं 

वो तआ'रुफ़ के लिए आगे कभी बढ़ती नहीं 


Tuesday, 31 October 2023

लैटिन साहित्य के सबसे अच्छे दौर के व्यंग्यकार - सेनेका द यंगर


 सेनेका द यंगर रोमन दार्शनिक, राजनेता और नाटककार थे। लैटिन साहित्य के सबसे अच्छे दौर के व्यंग्यकार भी माने जाते हैं।

लूसियस एनायस सेनेका द यंगर जिसे आमतौर पर सेनेका के नाम से जाना जाता है, प्राचीन रोम के एक स्टोइक दार्शनिक , एक राजनेता थे, नाटककार , और एक काम में, व्यंग्यकार , लैटिन साहित्य के उत्तर-अगस्तन युग से।

सेनेका का जन्म हिस्पानिया के कोर्डुबा में हुआ था और उनका पालन -पोषण रोम में हुआ , जहां उन्हें अलंकार और दर्शनशास्त्र में प्रशिक्षित किया गया । उनके पिता सेनेका द एल्डर थे , उनके बड़े भाई लूसियस जुनियस गैलियो एनायनस थे , और उनके भतीजे कवि लुकान थे । 41 ई. में, सेनेका को सम्राट क्लॉडियस के अधीन कोर्सिका द्वीप पर निर्वासित कर दिया गया था ,लेकिन 49 में उसे नीरो का शिक्षक बनने के लिए वापस लौटने की अनुमति दी गई थी । जब 54 में नीरो सम्राट बना, तो सेनेका उसका सलाहकार बन गया और प्रेटोरियन प्रीफेक्ट सेक्स्टस अफ़्रानियस बुरस के साथ मिलकर , नीरो के शासनकाल के पहले पांच वर्षों के लिए सक्षम सरकार प्रदान की। समय के साथ नीरो पर सेनेका का प्रभाव कम होता गया और 65 में सेनेका को नीरो की हत्या की पिसोनियन साजिश में कथित संलिप्तता के लिए अपनी जान लेने के लिए मजबूर होना पड़ा , जिसमें वह शायद निर्दोष था। 

उनकी शांत और शांत आत्महत्या कई चित्रों का विषय बन गई 

एक लेखक के रूप में, सेनेका को उनके दार्शनिक कार्यों और उनके नाटकों के लिए जाना जाता है , जो सभी त्रासदियाँ हैं । उनके गद्य कार्यों में नैतिक मुद्दों से संबंधित 12 निबंध और 124 पत्र शामिल हैं। ये लेख प्राचीन स्टोइज़्म के लिए प्राथमिक सामग्री के सबसे महत्वपूर्ण निकायों में से एक हैं । एक त्रासदीवादी के रूप में, उन्हें मेडिया , थिएस्टेस और फेदरा जैसे नाटकों के लिए जाना जाता है । सेनेका का बाद की पीढ़ियों पर बहुत प्रभाव पड़ा - पुनर्जागरण के दौरान वह "एक ऋषि थे, जिनकी नैतिकता के दैवज्ञ, यहाँ तक कि ईसाई शिक्षा के एक दैवज्ञ के रूप में प्रशंसा और सम्मान किया जाता था; साहित्यिक शैली के स्वामी और नाटकीय कला के एक मॉडल थे।"

जान‍िए उनके महावाक्य - 

1. जब परिस्थितियां बदलती हैं तो रणनीति बदलने में कोई बुराई नहीं है। 
2. या तो रास्ता तलाशिए... या खुद बनाइए। 
3. हम असलियत में कम, काल्पनिक तौर पर ज्यादा दुखी रहते हैं। 4. खूबसूरती से चकित नहीं होना चाहिए, उन छिपे हुए गुणों को तलाशना चाहिए जो हमेशा बने रहेंगे। 
5. सब आपके नियंत्रण में हैं। आप खुद ही चीजों को आसान बनाते हैं या मुश्किल या हास्यास्पद। 
6. विपत्तियां हमें बुद्धिमान बनाती हैं जबकि समृद्धि सही-गलत का फर्क खत्म कर देती है। 
7. दोस्ती हमेशा फायदा पहुंचाती है, जबकि प्यार कई दफा तकलीफ देता है। 
8. आपने किसी को कुछ दिया है तो शांत रहें, लेकिन किसी ने आपको कुछ दिया है तो जरूर जिक्र करें। 
9. जो डरते हुए पूछता उसे अक्सर इनकार सुनना पड़ता है।

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...