Showing posts with label ब्रज. Show all posts
Showing posts with label ब्रज. Show all posts

Thursday, 21 March 2024

मृगनयनी को यार नवल रसिया (हवेली संगीत-रसिया)....ब्रज की होली.. हो...ली

आज ब‍िरज में होरी रे रस‍िया..... 


 बनारस एवं ब्रज, मथुरा और वृंदावन क्षेत्र में अधिक लोकप्रिय है। रसिया ‘रस की खान’ कहे जाते हैं। इसमें लोकमानस अपने जीवन के सुख-दुख, हर्ष-विषाद, उमंग और उल्लास की कथा का वर्णन अधिकतर रसिया शैली में ही व्यक्त किया जाता है। यह शैली लोकशैली के अंतर्गत मानी जाती है। रसिया शैली को होली के समय गाया जाता है। एक प्रचलित लोकगीत रसिया शैली में इस प्रकार से है:


“आज बिरज में होली रे रसिया।

होली रे रिसिया बरजोरी रे लिया।”


एक अन्य गीत में लोकमानस के भावों की अभिव्यक्ति हुई है जिसमें नायिका की सुंदर आँखों का बहुत ही सुंदर ढंग से रसिया लोकगीत शैली में प्रस्तुत किया है:


निराली कार्तिक, अंकिता जोशी की आवाज़ में सुन‍िए ये होली 

https://youtu.be/Z_dJOT9JbUA

मृगनयनी को यार नवल रसिया, 

मृगनयनी को।।       


बड़ी-बड़ी अँखिया नैंनन में सुरमा, 

तेरी टेढ़ी चितवन मेरे मन बसिया ||1||


अतलस को याको लेंहगा सोहे,

झूमक सारी मेरो मन बसिया ||2||


छोटी अंगूरिन मुंदरी सोहे,

याके बीच आरसी मन बसिया. ||3||


याके बांह बड़ाे बाजूबन्द सोहे,

याके हियरे हार दिपत छतिया ||4||


रंगमहल में सेज बिछाई,

याके लाल पलंग पचरंग तकिया ||5||


पुरुषोत्तम प्रभु देख विवश भये,

सबे छोड़ ब्रज में बसिया.. ||6||


एक और #होली भजन...!! ज‍िसे सुनकर आनंद‍ित हुए ब‍िना नहीं रह सकेंगे आप। 

https://www.youtube.com/watch?v=bIytLwl4HIk

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री

रंग में घोलो री

आज याहे रंग में घोलो री

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री ….2

कोरे कोरे कलश मंगाओ री

रंग केसर का घोलो री

मुख पे केसर मालो करो

कालो से गोरो री

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री ….2

पड़ोसन पास बुलाये लायो जी

आँगन में थको घेरो री

पीताम्बर लियो चीयर याहे

पहनाये देव लहंगों री ….2

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री ….2

याकि बांस की बसुरिया

जाहे तुम तोड़ मरोड़ो री

ताली दे दे यह नचाओ

अपनी आओरो री ….2

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री ….2

चाँद सखी की यही विनती

करे तोसे मैं हारी री

आअहा हाय पड़े जब पाया

तब ही छोड़े री ….2

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री ….2

रंग में घोलो री

आज याहे रंग में घोलो री

होली है ………….

होली खेलन आयो श्याम

आज याहे रंग में घोलो री ….4

होली है …...


पुष्ट‍िमार्ग के समाज संगीत में होली गायन सुन‍िए -  


होली खेलन आयो श्याम 

सोंवरो होरी खेलन आयो,

मैं दधि बेचन गयी री वृंदावन,

मारग आडो आयो.।।

महीं माट मेरो सघरो ढुलायो,

माखन लूंटी लूंटी खायो.

ऐ जशोदाजी को जायो सोंवरो।।१।।

वृंदावनकी कुंज गली में,

खेल भारी मचायो,

लाल गुलाल अबीर उडायो,

मुठी भरी भरी धायो

सावरे बादल छायो ।।२।।

सब सखीयन मिलि मोहन घेर्यो,

रंग दयी करने रिझायो।।

"सूरश्याम " प्रभु तिहारे मिलन कुं,

चरण कमल चित्त लायो,

सखी मैने महासुख पायो सावरो।।३।।


https://www.youtube.com/watch?v=bIytLwl4HIk


खेलन लागे होरी रसिक दोउ (बसंत होली धमार कीर्तन) पुष्टिमार्ग हवेली संगीत


https://youtu.be/xD-YuU5r680

- अलकनंदा स‍िंंह 

Friday, 29 July 2022

सावन में ब्रज: संत सनातन स्‍वामी और उनके ठाकुर मदनमोहन


 प्रारंभ करूंगी सनातन स्‍वामी के इस पद से- 


जो करैं प्यारे सो मो हितकारी ।

गरभ में पालन नर तन पोषण सदगुरु भेंटे जाऊँ बलिहारी ।१।

नीकी काल आज अब नीकी तिन चरनन कल हू सुखकारी ।

प्रीति प्रतीति रसरीति बढ़त दिन सब अनुकूल सबहि उपकारी ।२।

तन वन मन निकुंज मनरंजन मधुर केलि विलसैं पिय प्यारी ।

कृष्णचन्द्र राधा चरणदासि भज जुगल मंत्र नित आनंदकारी ।३।


अब पढ़िए सनातन स्‍वामी के बारे में- 


सनातन गोस्वामी ने अपनी कुटिया के निकट ही एक फूँस की झोंपड़ी का निर्माण किया और उसमें मदनगोपाल जी को स्थापित किया। उनके भोग के लिये वे मधुकरी (साधु-संन्यासियों की वह भिक्षा जिसमें केवल पका हुआ भोजन लिया जाता है) पर ही निर्भर करते। मधुकरी में जो आटा मिलता उसकी अंगाकड़ी (बाटी) बनाकर भोग के रूप में उनके सामने प्रस्तुत करते। साथ में निवेदन करते जंगली पत्तियों का बना अलोना साग। कुछ दन बीते ठाकुर को इस आटे के पिंड और अलोने साग को किसी प्रकार निगलते। संकोच में पड़कर वे अपने प्रेमी भक्त से कुछ न कह सके। पर अन्त में उनसे न रहा गया। स्वप्न में दर्शन देकर कहा-

"सनातन, अलोने (बिना नमक का) साग के साथ तुम्हारी अंगाकड़ी मेरे गले के नीचे नहीं उतरतीं और कब तक उसे जबरदस्ती ठेलता रहूँगा। उसके साथ थोड़ा नमक दिया करो न।"

सनातन के नेत्रों से बह चली प्रेमाश्रु की धारा। कातर स्वर से उन्होंने कहा-

"प्रभु मैं ठहरा आपका एक तुच्छ सेवक, जिसका डोर-कौपीन के सिवा कोई सम्बल नहीं। आप आज नमक की कह रहे हैं, कल गुड़ की कहेंगे, रसों राजभोग की, तो मैं कहाँ से लाऊँगा? यदि आपकी राजभोग की इच्छा है, तो स्वयं ही उसकी व्यवस्था कर लें।"

यह कैसी सनातन की निष्टुरता अपने ही प्राणप्रिय मदनगोपाल के प्रति! जिनकी सेवा की तीव्र आकाँक्षा ने उन्हें पागल कर रखा था, उन्हीं की सेवा में ऐसी कृपणता और उदासीनता! ऐसी कौन सी वस्तु थी, जिसे विरक्त होते हुए भी मदनगोपाल की सेवा के लिए वे संग्रह नहीं कर सकते थे, जब उन जैसे महात्मा की इच्छापूर्ति करने के किसी भी अवसर के लिए बड़े-बड़े धनी व्यक्ति लालायित रहते थे? बात कुछ गूढ़ है। थोड़ा गहराई में उतरे बिना समझ में आने की नहीं। सनातन मदनगोपाल की सेवा के लिए अपने प्राण तक न्यौछावर कर सकते थे, पर उस भजन-पथ को नहीं त्याग सकते थे, जो उनकी सर्वोत्तम सेवा का अधिकार जन्माने के लिए आवश्यक था। उनकी सर्वोत्तम सेवा है मानसी-सेवा। मानसी-सेवा में किसी प्रकार का प्रतिबन्ध नहीं होता। देश, काल, समाज और प्रकृति के नियमों की सीमा से बाहर रहकर इष्ट की प्राणभर मनचाही सेवा कर उन्हें सुखी कर सकता है। मानसी-सेवा का अधिकार प्राप्त उसे होता है, जिसका अन्त:करण शुद्ध होता है। अन्त:करण की शुद्धि के लिये त्याग-वैराग्ययुक्त एकांतिक भजन-पथ का अनुशीलन आवश्यक है। यदि सनातन मदनगोपाल के राजभोग के लिए तरह-तरह की सामग्री जुटाने में लग जाते, तो उनकी परापेक्षा बढ़ जाती और वे एकांतिक भजन-पथ से च्युत हो जाते। इष्ट की सर्वोत्तम मानसी-सेवा की योग्यता प्राप्त करने के लिए उनकी व्यावहारिक सेवा की सीमा बाँधना आवश्यक था।

इसके अतिरिक्त स्वयं उनके इष्ट ने महाप्रभु में जगद्गुरु का दायित्व ओटते हुए उन्हें आज्ञा दी थी वैराग्यमय जीवन का चरम आदर्श स्थापित करने की। गुरु-आज्ञा ईश्वराज्ञा से भी अधिक बलवती है। तब वे गुरुरूपी इष्ट की आज्ञा का पालन करते या उपास्यरूपी इष्ट की इच्छा की पूर्ति करते? इसीलिए उन्हें दो टूक कह देना पड़ा मदनगोपालजी से-अपने उत्तम भोग की व्यवस्था आप स्वयं कर लें। यदि कहा जाय कि ऐसा कह सनातन गोस्वामी ने उनकी मर्यादा की हानि की, तो इसके लिए भी मूल रूप से दोषी मदनगोपाल ही हैं। वे क्या जानते नहीं थे कि सनातन एक निष्किञ्चन साधक हैं, जिनका डोर-कौपीन के सिवा दूसरा कोई सम्बल नहीं? उनकी सेवा अंगीकार करने के पहले उन्हें नहीं समझ लेना चाहिए था कि उन्हें भी उन्हीं की तरह रूखी-सूखी खाकर रहना पड़ेगा? असल बात यह है कि उनसे अपने प्रेमी भक्तों के साथ चुहल किये बिना भी तो नहीं रहा जाता। वे उनके साथ जानबूझ कर अटपटा व्यवहार कर, उन्हें झूठा-सच्चा उलहना देकर या किसी न किसी प्रकार उन्हें उपहासास्पद स्थिति में डालकर और उनकी खरी-खोटी सुनकर प्रसन्न होते हैं। उन रसिक-शेखर को उनकी खरी-खोटी जितनी अच्छी लगती है, उतनी वेद-स्तुति भी अच्छी नहीं लगती।

-अलकनंदा सिंह

Saturday, 12 March 2022

ब्रज की होरी: श्री कुँज बिहारी बिहारिनजू का फाग महोत्‍सव

 बसंत ऋतु  के आगमन के साथ ही राधा-कृष्ण के अनूठे प्रेम की धरती ब्रज में वसंत पंचमी के दिन से ही ४० दिवसीय फाग महोत्सव जो शुरूहुआ, वह अब अपने रंग में सभी को भिगो रहा है। रंग गुलाल के संग वृंदावन में स्‍वामी हरिदास की साधनास्‍थली टटिया स्‍थान भी संगीतमय होली खेल रहा है। प्रतिदिन अनेक पदों का गायन राधा-कृष्‍ण को समर्पित किया जाता है।

फाग महोत्‍सव का प्रथम दिवस

(1)

सुरंग सेज प्यारे खेलैं होरी ।
दूलहू श्याम रंगीले खिलाड़ी,दुलहिन राधा रसीली गोरी ।।
मान लाज मुस्कन रंग गहरे , फबे मनुहार जुहार निहोरी ।
चोबा चुंबन मलय आलिंगन ,परिरंभन मलैं कुमकुम रोरी ।।
परसत भाये गुलाल अंबीर तन ,अंकौ भरैं नखसिख रसबोरी ।
कृष्णचंद्र राधा चरणदासि बलि,सुरति फाग दिन रंग रस जोरी ।।

(2)

श्याम श्यामा की छवि न्यारी ,होरी रंग खेलैं पिय प्यारी।
सौंज सजि सखी दुहूँ ओरी,भरहिं पिच रंग रूख जोरी ।१।
बीन ढफ तार बहु बाजैं , निरखि नृत अप्सरा लाजैं ।
चैती चाँचरि मधुर संगीत ,फगुवा सुनि मत्त झूमे मीत ।२।
सौहें नव कुँज फूले फूल,भँवर जस गूँजैं यमुना कूल ।
प्रिया भरी रंग पिचकारी,ओट करि ललिता अगारी।३।
ताक रंग लाल पै मारै , घात लै अरगजा डारै ।
लाल गुलाल भरि झोरी ,गुलचा संग छोड़े तकि गोरी ।४।
उमंगि दोऊ फाग रंग खेलैं , प्रेम सुख रंग रस झेलैं ।
रँगे रंग रँगी पहिचानें , कोऊ काहू कौं नहिं जानें ।५।
कुंज दुरे कृष्णचन्द्र प्यारी , सुरति सुख केलि नित न्यारी ।
भरीं भुज राधा बिहारी , नेह होरी की बलिहारी ।६।

फाग महोत्‍सव का द्वितीय दिवस

(1)

होरी कुँज महल खेलत हुलसि छबीली री ।
नैंन सैंन अंग चलत चटक रंग ,चितै चित रंगत रंगीली री ।१।
घेरा करत सौंज लियैं सखी चहुँ,बीच फबी गरबीली री ।
कोमल कर अरगजा पुहुप भरि,मारत रसिक रसीली री ।२।
पीत वसन मोहन घन दामिनि,सारी चोली नीली री ।
खेलत होरी पिय संग सोहत ,कछु सूखी कछु गीली री ।३।
तन मन रंग अनंग के छूटत , कंचुकी नीबी ढीली री ।
कृष्णचन्द्र राधा चरणदासि,निरखत सुख सुरति लजीली री ।४।

(2)

खेले प्यारी श्याम पिया संग होरी ।
सुघर वदन पिचकारी रूप रंग, रस माधुर्य कमोरी ।१।
नेेंन सैंन के अंबीर अरगजा, चलैं कटाक्षन झोरी ।
हंसत रंगीले गुलाल परैं दृग ,उमड़े मदन मन जोरी ।२।
परस परस्पर झागे रस सर , सुखद सुरति बरजोरी ।
कृष्णचन्द्र राधा चरणदासि दिन ,उर आनंद न ओरी ।३।

फाग महोत्‍सव का तृतीय दिवस

(1)

बना बनी रस रंग की खेलें होरी हो ।
नैंन सैंन की मार परत मन ,रंग अनंग की रेलें होरी हो ।१।
रूप माधुरी सिंधु भँवर परे ,रस तरंग की ठेलें होरी हो ।
विवस रंग रस सुधि न वसन तन ,अंग अंग की पेलें होरी हो ।२।
मिलि न मिलें मदमाते फाग के ,रसिया उमंग की हेलें होरी हो ।
कृष्ण चन्द्र राधा चरण दासि रचि,सेज सुरंग की केलें होरी हो ।३।

(2)

होरी हो कुँज महल मतवारी ।
गोरे श्याम साँवरी श्यामा ,ललिता जोरी विचित्र सिंगारी ।१।
गोरी सखीं बजावें गावे ,रंग गुलाल चलावें कारी ।
गोरी जस गावें दुलहिन के ,साँवरी दैं दूलहु बहु गारी ।२।
चोबा चंदन अबीर अरगजा ,केसर कुसुम रंग सुखकारी ।
जुरत कटाक्ष मूठि दृग मारत , खेलैं दंपति चतुर खिलारी ।३।
घात दाब बचें पकरें परस्पर, सबहिं रंगे रंग इकसारी ।
कृष्णचन्द्र राधा चरणदासि बलि,मधुर प्रेम रंग होरी न्यारी ।४।

(3)

होरी खेलौ करौ मनमानी ।
मोहन रसिक रूप रस लोभी ,मानिनी राधा सयानी ।१।
उन रंग प्रेम दोऊ कर लीनें ,तुव रंग मनहिं छिपानी ।
तुव उन रंगौ रंगैं वे तुमको ,दोउन प्रीती हौं जानी ।२।
नृत्य संगीत सुगंध राग रंग , रस सर सुरति समानी ।
तन मन जिय मिलि रंगे परस्पर, सकुचि गुमान गँवानी ।३।
सेवत होरी बसंत मदन नित ,वृंदावन रजधानी ।
कृष्णचन्द्र राधा चरण दासि होरी ,रसिक अनन्य रंगानी ।४।

स्‍वामी हरिदास की साधनास्‍थली टटिया स्‍थान स्वामी हरिदास सम्प्रदाय से जुड़ा हुआ है। हरिदास सम्प्रदाय के आठ आचार्य हैं। सातवें आचार्य, स्वामी ललित किशोरी देव जी ने 1758 और 1823 के बीच इस धरती पर एक निर्जन वृक्ष के नीचे निवास किया, ताकि एकांत में ध्यान किया जा सके। उन्होंने बांस के डंडे का इस्तेमाल कर पूरे इलाके को घेर लिया। स्थानीय बोली में बाँस की छड़ियों को “टटिया” कहा जाता है। इस तरह इस स्थान का नाम टटिया स्थान पड़ा। उन्होंने उन्हें यह सुझाव भी दिया कि राधा अष्टमी के दिन श्री हरिदास जी का प्रकट दिवस मनाया जाना चाहिए और तब से यह त्योहार बहुत प्रेम से मनाया जाता है। टटिया स्थान पर उनकी समाधि भी है।

टटिया स्थान विभिन्न प्रकार के वृक्षों से भरा है, विशेष रूप से वे जो भगवान कृष्ण के दिल के करीब थे, जैसे, नीम, पीपल और कदंब। यह जगह साधना भक्ति करने की है, और किसी को भी यहाँ अनावश्यक बात करने की अनुमति नहीं है।

– अलकनंदा सिंंह

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...