Showing posts with label मां. Show all posts
Showing posts with label मां. Show all posts

Monday, 10 October 2016

बेटियां - दो कवितायें

       1. मेरी बेटियां



मेरी बेटियां   मेरा जुनून हैं,
ये मेरे मन में नाचते हर्फ हैं

जो मुझे ताकत बख्शते हैं
जो फरिश्ते हैं दोनों

वो मेरी बेटियां हैं
देखो उनके नन्हें पैरों की आवाज

आज भी गूंजती हैं
मेरी इन दीवारों से

    2.

 जुगनुओं की तरह

 मैं अपनी मां को कभी भूलती नहीं,
क्योंकि वो मेरी बेटियों में आकर
जोर से डपट देती हैं मुझे...

...जब मैं होती हूं हताश और
मेरी बेटियां टांक देती हैं
न जाने कितने तारे
मेरे माथे पर अपनी नन्हीं उंगलियों से
और गढ़ देती हैं कुछ शब्द

जुगनुओं की तरह मेरी पलकों के पीछे
और चमकने लगते हैं सारे शब्द
मोती बनकर उनकी आंखों में ।


- अलकनंदा सिंह

Monday, 9 September 2013

यूं चुकाया उसने अपने औरत होने का कर्ज़

मूक परछाईं सी- हठात बैठी वह,
कभी आंगन की उन ईंटों को कुरेदती -
 कभी आत्‍मा के चिथड़ों को समेटती
इधर उधर ताकती,दीवारों को तराशती

बूझती उनसे अगले पल की कहानी
ढूंढ़ती नजरें..  अपनी शुद्धता की निशानी
क्‍योंकि आज खून से खौलती आंखों को
उसने अपने शरीर का मोल देकर
खरीद ही लिया इस समय को --
उसकी आज़ादी वाली सोच को 
उसकी आधुनिकता को,

आज इस दंगे की हवस में
मांस मज्‍जा और अहं से बना शरीर
अगर काम न आता- तो वह
कैसे बचा पाती भला
उस कमसिन बच्‍ची की लाज
जिसने देखे थे बस तेरह बसंत,
गिद्धों के पंजों से  उसको बचाकर
स्‍वयं को उधेड़ कर, उस नन्‍हीं
बच्‍ची के बिखरे सपनों को  सींना
इस नश्‍वर शरीर का  दे गया मोल,
कर स्‍वयं को अनमोल- निभा दिया फ़र्ज़
कुछ यूं चुकाया उसने अपने औरत होने का कर्ज़

-अलकनंदा सिंह

Thursday, 5 September 2013

अक्‍स दर अक्‍स

एक हथेली भर ज़िंदगी
एक मुट्ठीभर अहसास
नापने बैठी जब भी सुख
तिर गये वे सारे दुख
हर पल देता गया मुझे
तेरे होने का अहसास

तू है, तो फिर मुझे दिखना चाहिए
नहीं है, तो गायब होता क्‍यों नहीं
मेरी बेटी की हंसी और
मां की दुआ में मुझे
तू ही तू, अक्‍स दर अक्‍स
दिखता क्‍यूं है मेरे बरक्‍स



 - अलकनंदा सिंह
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...