Showing posts with label नज़्म. Show all posts
Showing posts with label नज़्म. Show all posts

Tuesday, 24 March 2020

मुखौटा नोचकर इंसानियत के ठेकेदारों को नंगा करती हैं हबीब जालिब की गज़लें

हबीब जालिब का जन्म 24 मार्च 1928 को पंजाब के होशियारपुर में हुआ था. भारत के बंटवारे को हबीब जालिब नहीं मानते थे लेकिन घर वालों की मोहब्बत में इन्हें पाकिस्तान जाना पड़ा.
हबीब जालिब इंसान और इंसानियत के कवि थे. उनका तेवर खालिस इंक़लाबी था. ना हुक्म मानते थे ना झुकते थे. हबीब जालिब को तो हुक्मरानों ने कई बार जंजीरों में जकड़ने की कोशिश की लेकिन उनकी कलम कभी ना जकड़ पाए. वो चलती रही मजबूरों और मजदूरों के लिए, सत्ता के खिलाफ बिना डरे.
हबीब तरक्की पसंद कवि थे. इनकी सीधी-सपाट बातें ज़ुल्म करने वालों के मुंह पर तमाचा थीं. शायद यही वजह रही कि अदब की दुनिया में हबीब जालिब जैसा मशहूर कोई ना हो सका, कारण इन्हें जनकवि का तमगा जन से मिला किसी अवॉर्ड से नहीं.
हबीब जालिब को उतने लोग नहीं जानते जितना फ़ैज़ को जानते हैं. तुलना ही बेकार है क्योंकि जालिब की नज़्में भाव नहीं क्रांति मांगती हैं, मुखौटा नोचकर इंसानियत के ठेकेदारों को नंगा करती हैं.
उनकी नज़्म ‘दस्तूर’ पढ़िए-
दीप जिस का महल्लात ही में जले
चंद लोगों की ख़ुशियों को ले कर चले
वो जो साए में हर मस्लहत के पले
ऐसे दस्तूर को सुब्ह-ए-बे-नूर को
मैं नहीं मानता मैं नहीं जानता
मैं भी ख़ाइफ़ नहीं तख़्ता-ए-दार से
मैं भी मंसूर हूँ कह दो अग़्यार से
क्यूँ डराते हो ज़िंदाँ की दीवार से
ज़ुल्म की बात को जहल की रात को
मैं नहीं मानता मैं नहीं जानता
फूल शाख़ों पे खिलने लगे तुम कहो
जाम रिंदों को मिलने लगे तुम कहो
चाक सीनों के सिलने लगे तुम कहो
इस खुले झूट को ज़ेहन की लूट को
मैं नहीं मानता मैं नहीं जानता
तुम ने लूटा है सदियों हमारा सुकूँ
अब न हम पर चलेगा तुम्हारा फ़ुसूँ
चारागर दर्दमंदों के बनते हो क्यूँ
तुम नहीं चारागर कोई माने मगर
मैं नहीं मानता मैं नहीं जानता
जालिब की लिखी हर लाइन गरीबों के हाथ में जलती मशाल जैसी है. इन पक्तियों में किसी भी सत्ता को झुलसा देने का दम है. अपनी शर्तों पर ज़िंदगी जीने वाले हबीब की मृत्यु 12 मार्च 1993 को 64 साल की उम्र में पाकिस्तान के लाहौर में हुई थी.

Friday, 31 August 2018

जब अमृता केे दिल और कलम से निकला- इमरोज़... ''मैं तैनूं फिर मिलांगी''

आज मेरी पसंदीदा लेखिका अमृता प्रीतम का जन्‍मदिन है और आज ही मेरी बेटी का भी, ये इत्‍तिफाक भी हो सकता है और इच्‍छित कामना भी... अमृता को आजीवन असंतुष्‍ट प्रेमिका, रूह तक लेखनी को ले जाने वाली लेखिका के तौर पर जाना जाता है  मगर जो भी उन्‍हें पढता है वह स्‍वयं को अमृता की जगह ना रखे और उनकी तरह ना सोचे ,ऐसा होता नहीं...यानि हम उन्‍हें पढ़ते हुए उन जैसे ही होने लगते हैं...यही है अमृता के शब्‍दों की खूबी। आज उनके जन्‍मदिन पर उनकी कुछ कविताऐं साझा कर रही हूं। 
अमृता ने ‘मैं तैनूं फिर मिलांगी’ नज़्म इमरोज़ के लिए लिखी थी और पेशे से पेंटर इमरोज़ ने भी कई नज़्में अमृता के नाम लिख दीं। अमृता की किताब ‘रसीदी टिकट’ इसे साफ़गोई से बयान करती है। अमृता और साहिर के बीच एक कोरे काग़ज़ का रिश्ता था। मसलन एक बार जब प्रेस रिपोर्टर अमृता की तस्वीर ले रहे थे तब वह काग़ज़ पर कुछ लिख रहीं थीं। काग़ज़ उठाकर देखा तो वह बार-बार साहिर लिख रहीं थीं। उन्हें लगा कि अगले दिन इस काग़ज़ की तस्वीर अख़बार में छपेगी लेकिन वह काग़ज़ तस्वीर में कोरी दिखाई दे रही थी। 
पेश हैं इमरोज की अमृता के लिए लिखीं कुछ नज़्में…

घोंसला घर
अब ये घोंसला घर चालीस साल का हो चुका है
तुम भी अब उड़ने की तैयारी में हो
इस घोंसला घर का तिनका-तिनका
जैसे तुम्हारे आने पर सदा
तुम्हारा स्वागत करता था
वैसे ही इस उड़ान को
इस जाने को भी
इस घर का तिनका-तिनका
तुम्हें अलविदा कहेगा।
लोग कह रहे हैं
लोग कह रहे हैं उसके जाने के बाद
तू उदास और अकेला रह गया होगा
मुझे कभी वक़्त ही नही मिला
ना उदास होने का ना अकेले होने का ..
वह अब भी मिलती है
सुबह बन कर शाम बन कर
और अक्सर नज़मे बन कर
हम कितनी देर एक दूजे को देखते रहे हैं
और मिलकर अपनी अपनी नज़मे ज़िंदगी को सुनाते रहे हैं
एक ज़माने से
एक ज़माने से
तेरी ज़िंदगी का पेड़ कविता
फूलता फलता और फैलता
तुम्हारे साथ मिल कर देखा है
और जब तेरी ज़िंदगी के पेड़ ने
बीज बनाना शुरू किया
मेरे अंदर जैसे कविता की
पत्तियाँ फूटने लगी हैं.
-अलकनंदा सिंह
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...