Tuesday, 31 October 2023

लैटिन साहित्य के सबसे अच्छे दौर के व्यंग्यकार - सेनेका द यंगर


 सेनेका द यंगर रोमन दार्शनिक, राजनेता और नाटककार थे। लैटिन साहित्य के सबसे अच्छे दौर के व्यंग्यकार भी माने जाते हैं।

लूसियस एनायस सेनेका द यंगर जिसे आमतौर पर सेनेका के नाम से जाना जाता है, प्राचीन रोम के एक स्टोइक दार्शनिक , एक राजनेता थे, नाटककार , और एक काम में, व्यंग्यकार , लैटिन साहित्य के उत्तर-अगस्तन युग से।

सेनेका का जन्म हिस्पानिया के कोर्डुबा में हुआ था और उनका पालन -पोषण रोम में हुआ , जहां उन्हें अलंकार और दर्शनशास्त्र में प्रशिक्षित किया गया । उनके पिता सेनेका द एल्डर थे , उनके बड़े भाई लूसियस जुनियस गैलियो एनायनस थे , और उनके भतीजे कवि लुकान थे । 41 ई. में, सेनेका को सम्राट क्लॉडियस के अधीन कोर्सिका द्वीप पर निर्वासित कर दिया गया था ,लेकिन 49 में उसे नीरो का शिक्षक बनने के लिए वापस लौटने की अनुमति दी गई थी । जब 54 में नीरो सम्राट बना, तो सेनेका उसका सलाहकार बन गया और प्रेटोरियन प्रीफेक्ट सेक्स्टस अफ़्रानियस बुरस के साथ मिलकर , नीरो के शासनकाल के पहले पांच वर्षों के लिए सक्षम सरकार प्रदान की। समय के साथ नीरो पर सेनेका का प्रभाव कम होता गया और 65 में सेनेका को नीरो की हत्या की पिसोनियन साजिश में कथित संलिप्तता के लिए अपनी जान लेने के लिए मजबूर होना पड़ा , जिसमें वह शायद निर्दोष था। 

उनकी शांत और शांत आत्महत्या कई चित्रों का विषय बन गई 

एक लेखक के रूप में, सेनेका को उनके दार्शनिक कार्यों और उनके नाटकों के लिए जाना जाता है , जो सभी त्रासदियाँ हैं । उनके गद्य कार्यों में नैतिक मुद्दों से संबंधित 12 निबंध और 124 पत्र शामिल हैं। ये लेख प्राचीन स्टोइज़्म के लिए प्राथमिक सामग्री के सबसे महत्वपूर्ण निकायों में से एक हैं । एक त्रासदीवादी के रूप में, उन्हें मेडिया , थिएस्टेस और फेदरा जैसे नाटकों के लिए जाना जाता है । सेनेका का बाद की पीढ़ियों पर बहुत प्रभाव पड़ा - पुनर्जागरण के दौरान वह "एक ऋषि थे, जिनकी नैतिकता के दैवज्ञ, यहाँ तक कि ईसाई शिक्षा के एक दैवज्ञ के रूप में प्रशंसा और सम्मान किया जाता था; साहित्यिक शैली के स्वामी और नाटकीय कला के एक मॉडल थे।"

जान‍िए उनके महावाक्य - 

1. जब परिस्थितियां बदलती हैं तो रणनीति बदलने में कोई बुराई नहीं है। 
2. या तो रास्ता तलाशिए... या खुद बनाइए। 
3. हम असलियत में कम, काल्पनिक तौर पर ज्यादा दुखी रहते हैं। 4. खूबसूरती से चकित नहीं होना चाहिए, उन छिपे हुए गुणों को तलाशना चाहिए जो हमेशा बने रहेंगे। 
5. सब आपके नियंत्रण में हैं। आप खुद ही चीजों को आसान बनाते हैं या मुश्किल या हास्यास्पद। 
6. विपत्तियां हमें बुद्धिमान बनाती हैं जबकि समृद्धि सही-गलत का फर्क खत्म कर देती है। 
7. दोस्ती हमेशा फायदा पहुंचाती है, जबकि प्यार कई दफा तकलीफ देता है। 
8. आपने किसी को कुछ दिया है तो शांत रहें, लेकिन किसी ने आपको कुछ दिया है तो जरूर जिक्र करें। 
9. जो डरते हुए पूछता उसे अक्सर इनकार सुनना पड़ता है।

Saturday, 21 October 2023

सुनने वालों का कलेजा चीर कर रख देते थे आम आदमी के कवि अदम गोंडवी


 जन-जन के कवि और शायर अदम गोंडवी का जन्मदिन कल है। 22 अक्टूबर 1947 को गोंडा (उत्तर प्रदेश) के अट्टा परसपुर गांव में पैदा हुए अदम गोंडवी की मृत्यु 18 दिसंबर 2011 को लखनऊ में हुई थी। घुटनों तक मटमैली धोती, सिकुड़ा मैला कुरता और गले में सफेद गमछा उनकी पहचान थी। अदम गोंडवी का वास्‍तविक नाम रामनाथ सिंह था। मंच पर मुशायरों के दौरान जब अदम गोंडवी ठेठ गंवई अंदाज़ में हुंकारते थे तो सुनने वालों का कलेजा चीर कर रख देते थे। जाहिर है कि जब शायरी में आम आवाम का दर्द बसता हो, शोषित-कमजोर लोगों को अपनी आवाज उसमें सुनाई देती हो तो ऐसी हुंकार कलेजा क्यों नहीं चीरेगी? अदम गोंडवी की पहचान जीवन भर आम आदमी के शायर के रूप में ही रही। उन्होंने हिंदी ग़ज़ल के क्षेत्र में हिंदुस्तान के कोने-कोने में अपनी पहचान बनाई थी। 

परिचय
गोस्वामी तुलसीदास के गुरु स्थान सूकर क्षेत्र के करीब अट्टा परसपुर गांव में देवी कलि सिंह और मांडवी सिंह के पुत्र के रूप में बालक रामनाथ सिंह का जन्म हुआ था, जो आगे चलकर ‘अदम गोंडवी’ के नाम से विख्यात हुए। अदम गोंडवी कबीर परंपरा के कवि थे। दुष्यंत कुमार ने अपनी गजलों से शायरी की जिस नई राजनीति की शुरुआत की थी, अदम गोंडवी ने उसे मुकाम तक पहुंचाने की कोशिश की। उस मुकाम तक, जहां से एक-एक चीज बिना धुंधलके के पहचानी जा सके।
अदम गोंडवी कवि थे और उन्हें कविता में गंवई जिंदगी की बजबजाहट, लिजलिजाहट और शोषण के नग्न रूपों को उधेड़ने में महारत हासिल थी। वह अपने गांव के यथार्थ के बारे में कहा करते थे- "फटे कपड़ों में तन ढांके गुजरता है जहां कोई/समझ लेना वो पगडंडी ‘अदम’ के गांव जाती है।"
जन-जन के कवि
अदम गोंडवी जब मुशायरे के मंच से अपनी रचनाएं पढ़ते थे तो उसमें न सिर्फ व्यवस्था के प्रति तीक्ष्ण व्यंग्य होता था बल्कि वे सीधे-साधे लोगों के दिलों में बस जाती थीं। यही वजह है कि वे जन-जन के कवि बन गए। अदम गोंडवी की शायरी में आम आदमी की गुर्राहट और आक्रामक मुद्रा का सौंदर्य मिसरे-मिसरे में मौजूद था। उनकी शायरी न हम वाह करने का अवसर देती है और न आह भरने की मजबूरी परोसती है। सीधे-सीधे लफ्जों में बेतकल्लुफ विचार उसमें होते थे। निपट गंवई अंदाज़ में महानगरीय चकाचैंध और चमकीली कविताई को हैरान कर देने वाली अदम गोंडवी की अदा सबसे जुदा और सबसे विलक्षण थी।
रचनाएं
अदम गोंडवी की रचनाएं हमेशा लोगों को प्रेरणा देती रहेंगी। उन्होंने अपनी बेबाक रचनाओं से राजनेताओं व अफसरों पर भी बहुत ही निडरता से कुछ इस तरह कटाक्ष करते हुए लिखा है-
सदन में घूस देकर बच गई कुर्सी तो देखोगे, ये अगली योजना में घूसखोरी आम कर देंगे।
मुल्क जाए भाड़ में इससे उन्हें मतलब नहीं, एक ही ख्वाहिश है कि कुनबे में मुख्तारी रहे।
महज तनख्वाह से निबटेंगे क्या नखरे लुगाई के, हजारों रास्ते हैं सिन्हा साहब की कमाई के।
मिसेज सिन्हा के हाथों में जो बेमौसम खनकते हैं, पिछली बाढ़ के तोहफे हैं ये कंगन कलाई के। 
अपनी जीवंत गजल व शायरी से आम जनमानस व समाज के दबे, कुचले लोगों के दर्द को समाज के पटल पर अपनी लेखनी से बयां करने वाले अजीम शायर अदम गोंडवी ने गोंडा जनपद को अपने साहित्य के माध्यम से जो पहचान दिलाई है, लोग आज भी उनके कायल हैं। 

जैसे- 

काजू भुने प्लेट में व्हिस्की गिलास में,
उतरा है रामराज विधायक निवास में।
पक्के समाजवादी हैं, तस्कर हों या डकैत,
इतना असर है खादी के उजले लिबास में।
आजादी का वो जश्न मनाएं तो किस तरह,
जो आ गए फुटपाथ पर घर की तलाश में।
पैसे से आप चाहें तो सरकार गिरा दें,
संसद बदल गई हैं यहां की नखास में। 
जनता के पास एक ही चारा है बगावत,
यह बात कर रहा हूं मैं होशो-हवास में।


बेचता यूं ही नहीं है आदमी ईमान को,
भूख ले जाती है ऐसे मोड़ पर इंसान को।
सब्र की इक हद भी होती है तवज्जो दीजिए,
गर्म रक्खे कब तलक नारों से दस्तरखान को।
शबनमी होंठों की गर्मी दे न पाएगी सुकून,
पेट के भूगोल में उलझे हुए इंसान को। 

जो डलहौज़ी न कर पाया वो ये हुक़्क़ाम कर देंगे

जो डलहौज़ी न कर पाया वो ये हुक्काम कर देंगे
कमीशन दो तो हिंदुस्तान को नीलाम कर देंगे

सुरा व सुंदरी के शौक़ में डूबे हुए रहबर
दिल्ली को रंगीलेशाह का हम्माम कर देंगे

ये वंदेमातरम् का गीत गाते हैं सुबह उठकर
मगर बाज़ार में चीज़ों का दुगना दाम कर देंगे

सदन को घूस देकर बच गई कुर्सी तो देखोगे
अगली योजना में घूसख़ोरी आम कर देंगे

मैं चमारों की गली तक ले चलूँगा आपको

आइए महसूस करिए ज़िन्दगी के ताप को
मैं चमारों की गली तक ले चलूँगा आपको

जिस गली में भुखमरी की यातना से ऊब कर
मर गई फुलिया बिचारी एक कुएँ में डूब कर

है सधी सिर पर बिनौली कंडियों की टोकरी
आ रही है सामने से हरखुआ की छोकरी

चल रही है छंद के आयाम को देती दिशा
मैं इसे कहता हूं सरजूपार की मोनालिसा

कैसी यह भयभीत है हिरनी-सी घबराई हुई
लग रही जैसे कली बेला की कुम्हलाई हुई

कल को यह वाचाल थी पर आज कैसी मौन है
जानते हो इसकी ख़ामोशी का कारण कौन है

थे यही सावन के दिन हरखू गया था हाट को
सो रही बूढ़ी ओसारे में बिछाए खाट को

डूबती सूरज की किरनें खेलती थीं रेत से
घास का गट्ठर लिए वह आ रही थी खेत से

आ रही थी वह चली खोई हुई जज्बात में
क्या पता उसको कि कोई भेड़िया है घात में

होनी से बेखबर कृष्णा बेख़बर राहों में थी
मोड़ पर घूमी तो देखा अजनबी बाहों में थी

चीख़ निकली भी तो होठों में ही घुट कर रह गई
छटपटाई पहले फिर ढीली पड़ी फिर ढह गई

दिन तो सरजू के कछारों में था कब का ढल गया
वासना की आग में कौमार्य उसका जल गया

और उस दिन ये हवेली हँस रही थी मौज में
होश में आई तो कृष्णा थी पिता की गोद में

जुड़ गई थी भीड़ जिसमें जोर था सैलाब था
जो भी था अपनी सुनाने के लिए बेताब था

बढ़ के मंगल ने कहा काका तू कैसे मौन है
पूछ तो बेटी से आख़िर वो दरिंदा कौन है

कोई हो संघर्ष से हम पाँव मोड़ेंगे नहीं
कच्चा खा जाएँगे ज़िन्दा उनको छोडेंगे नहीं

कैसे हो सकता है होनी कह के हम टाला करें
और ये दुश्मन बहू-बेटी से मुँह काला करें

बोला कृष्णा से बहन सो जा मेरे अनुरोध से
बच नहीं सकता है वो पापी मेरे प्रतिशोध से

पड़ गई इसकी भनक थी ठाकुरों के कान में
वे इकट्ठे हो गए थे सरचंप के दालान में

दृष्टि जिसकी है जमी भाले की लम्बी नोक पर
देखिए सुखराज सिंग बोले हैं खैनी ठोंक कर

क्या कहें सरपंच भाई क्या ज़माना आ गया
कल तलक जो पाँव के नीचे था रुतबा पा गया

कहती है सरकार कि आपस मिलजुल कर रहो
सुअर के बच्चों को अब कोरी नहीं हरिजन कहो

देखिए ना यह जो कृष्णा है चमारो के यहाँ
पड़ गया है सीप का मोती गँवारों के यहाँ

जैसे बरसाती नदी अल्हड़ नशे में चूर है
हाथ न पुट्ठे पे रखने देती है मगरूर है

भेजता भी है नहीं ससुराल इसको हरखुआ
फिर कोई बाँहों में इसको भींच ले तो क्या हुआ

आज सरजू पार अपने श्याम से टकरा गई
जाने-अनजाने वो लज्जत ज़िंदगी की पा गई

वो तो मंगल देखता था बात आगे बढ़ गई
वरना वह मरदूद इन बातों को कहने से रही

जानते हैं आप मंगल एक ही मक़्क़ार है
हरखू उसकी शह पे थाने जाने को तैयार है

कल सुबह गरदन अगर नपती है बेटे-बाप की
गाँव की गलियों में क्या इज़्ज़त रहे्गी आपकी

बात का लहजा था ऐसा ताव सबको आ गया
हाथ मूँछों पर गए माहौल भी सन्ना गया था

क्षणिक आवेश जिसमें हर युवा तैमूर था
हाँ, मगर होनी को तो कुछ और ही मंजूर था

रात जो आया न अब तूफ़ान वह पुर ज़ोर था
भोर होते ही वहाँ का दृश्य बिलकुल और था

सिर पे टोपी बेंत की लाठी संभाले हाथ में
एक दर्जन थे सिपाही ठाकुरों के साथ में

घेरकर बस्ती कहा हलके के थानेदार ने -
"जिसका मंगल नाम हो वह व्यक्ति आए सामने"

निकला मंगल झोपड़ी का पल्ला थोड़ा खोलकर
एक सिपाही ने तभी लाठी चलाई दौड़ कर

गिर पड़ा मंगल तो माथा बूट से टकरा गया
सुन पड़ा फिर "माल वो चोरी का तूने क्या किया"

"कैसी चोरी, माल कैसा" उसने जैसे ही कहा
एक लाठी फिर पड़ी बस होश फिर जाता रहा

होश खोकर वह पड़ा था झोपड़ी के द्वार पर
ठाकुरों से फिर दरोगा ने कहा ललकार कर -

"मेरा मुँह क्या देखते हो ! इसके मुँह में थूक दो
आग लाओ और इसकी झोपड़ी भी फूँक दो"

और फिर प्रतिशोध की आंधी वहाँ चलने लगी
बेसहारा निर्बलों की झोपड़ी जलने लगी

दुधमुँहा बच्चा व बुड्ढा जो वहाँ खेड़े में था
वह अभागा दीन हिंसक भीड़ के घेरे में था

घर को जलते देखकर वे होश को खोने लगे
कुछ तो मन ही मन मगर कुछ जोर से रोने लगे

"कह दो इन कुत्तों के पिल्लों से कि इतराएँ नहीं
हुक्म जब तक मैं न दूँ कोई कहीं जाए नहीं"
 
यह दरोगा जी थे मुँह से शब्द झरते फूल से
आ रहे थे ठेलते लोगों को अपने रूल से

फिर दहाड़े, "इनको डंडों से सुधारा जाएगा
ठाकुरों से जो भी टकराया वो मारा जाएगा

इक सिपाही ने कहा, "साइकिल किधर को मोड़ दें
होश में आया नहीं मंगल कहो तो छोड़ दें"

बोला थानेदार, "मुर्गे की तरह मत बांग दो
होश में आया नहीं तो लाठियों पर टांग लो

ये समझते हैं कि ठाकुर से उलझना खेल है
ऐसे पाजी का ठिकाना घर नहीं है, जेल है"

पूछते रहते हैं मुझसे लोग अकसर यह सवाल
"कैसा है कहिए न सरजू पार की कृष्णा का हाल"
 
उनकी उत्सुकता को शहरी नग्नता के ज्वार को
सड़ रहे जनतंत्र के मक्कार पैरोकार को

धर्म संस्कृति और नैतिकता के ठेकेदार को
प्रांत के मंत्रीगणों को केंद्र की सरकार को

मैं निमंत्रण दे रहा हूँ- आएँ मेरे गाँव में
तट पे नदियों के घनी अमराइयों की छाँव में

गाँव जिसमें आज पांचाली उघाड़ी जा रही
या अहिंसा की जहाँ पर नथ उतारी जा रही

हैं तरसते कितने ही मंगल लंगोटी के लिए
बेचती है जिस्म कितनी कृष्ना रोटी के लिए!


पुरस्कार व सम्मान
‘धरती की सतह पर’ व ‘समय से मुठभेड़’ जैसे चर्चित ग़ज़ल संग्रहों ने अदम गोंडवी को हिंदी भाषी क्षेत्रों में काफी ख्याति और सम्मान दिलाया। वर्ष 1998 में मध्य प्रदेश सरकार ने उन्हें 'दुष्यंत कुमार पुरस्कार' से नवाजा था। 

- अलकनंदा स‍िंंह 

Thursday, 12 October 2023

सहज भाषा में गूढ़ से गूढ़ बात कह जाने वाले शायर हैं निदा फ़ाज़ली, पढ़‍िये उनकी ग़ज़लें और दोहे

आधुनिक उर्दू शायरी के लोकप्रिय शायर निदा फ़ाज़ली का आज जन्मदिन है। उनका जन्म 12 अक्तूबर 1938 को दिल्‍ली में हुआ था।  निदा फ़ाज़ली हिन्दी पढ़ने वालों के लिए भी उतने ही अजीज हैं, जितना उर्दू पाठकों के लिए। इनका पूरा नाम मुक़्तिदा हसन निदा फ़ाज़ली है, जो बाद में निदा फ़ाज़ली के रूप में प्रसिद्ध हुआ। 

निदा का अर्थ है स्वर/आवाज़/ Voice फ़ाज़िला कश्मीर के एक इलाके का नाम है जहाँ से निदा के पूर्वज आकर दिल्ली में बस गए थे, इसलिए उन्होंने अपने उपनाम में फ़ाज़ली जोड़ा। निदा फ़ाज़ली की मृत्यु 8 फरवरी 2016 को मुम्बई में हुई।

जीवन परिचय
निदा फ़ाज़ली की स्कूली शिक्षा ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में हुई थी। उनके पिता एक शायर थे, जो भारत विभाजन के समय पाकिस्तान चले गए। भारतीयता के पोषक निदा फ़ाज़ली भारत को छोड़कर पाकिस्तान नहीं गए। निदा फ़ाज़ली ने गज़लों के साथ दोहे भी बखूबी कहे, नज़्मों में भी उन्हें महारत हासिल थी। 1960 के दशक के दौरान अपने समकालीन शायरों कैफ़ी आज़मी, सरदार अली जाफ़री और साहिर लुधियानवी पर एक समीक्षात्मक किताब मुलाकातें भी निदा फ़ाज़ली ने लिखी। है। उनकी एक ही बेटी है, जिसका नाम तहरीर है। 
निदा फ़ाज़ली ने सन् 1946 में जीविका की खातिर मुम्बई का रुख़ किया। 'धर्मयुग' और 'ब्लिट्ज' में आलेख भी लिखे। मुशायरों में भी बेहद लोकप्रियता हासिल की। फ़िल्म 'रज़िया सुल्तान' के निर्माण के समय शायर जानिसार अख्तर के निधन के बाद फ़िल्म निर्माता कमाल अमरोही ने इन्हें गीत लिखने के लिए अवसर दिया। इनके लिखे गीत काफ़ी लोकप्रिय भी हुए। 

भाषा शैली
निदा फ़ाज़ली की शायरी की भाषा आम आदमी को भी समझ में आ जाती है। यह कवि/शायर सहज भाषा में गूढ़ से गूढ़ बात कहने में माहिर है। निदा फ़ाज़ली एक सूफ़ी शायर हैं। रहीम, कबीर और मीरा से प्रभावित होते हैं तो मीर और ग़ालिब भी इनमें रच- बस जाते हैं। निदा फाज़ली की शायरी की जमीन विशुद्ध भारतीय है। वो छोटी उम्र से ही लिखने लगे थे। जब वह पढ़ते थे तो उनके सामने की पंक्ति में एक लड़की बैठा करती थी जिससे वो एक अनजाना, अनबोला सा रिश्ता अनुभव करने लगे थे लेकिन एक दिन कॉलेज के बोर्ड पर एक नोटिस दिखा- कुमारी टंडन का एक्सीडेण्ट हुआ और उनका देहान्त हो गया है। निदा बहुत दु:खी हुए और उन्होंने पाया कि उनका अभी तक का लिखा कुछ भी उनके इस दु:ख को व्यक्त नहीं कर पा रहा है, ना ही उनको लिखने का जो तरीक़ा आता था उसमें वो कुछ ऐसा लिख पा रहे थे जिससे उनके अंदर का दु:ख की गिरहें खुलें। एक दिन सुबह वह एक मंदिर के पास से गुजरे जहाँ पर उन्होंने किसी को सूरदास का भजन मधुबन तुम क्यौं रहत हरे, बिरह बियोग स्याम सुंदर के ठाढ़े क्यौं न जरे... गाते सुना, जिसमें कृष्ण के मथुरा से द्वारका चले जाने पर उनके वियोग में डूबी राधा और गोपियाँ फुलवारी से पूछ रही होती हैं ऐ फुलवारी, तुम हरी क्यों बनी हुई हो? कृष्ण के वियोग में तुम खड़े-खड़े क्यों नहीं जल गईं? वह सुन कर निदा को लगा कि उनके अंदर दबे हुए दु:ख की गिरहें खुल रही हैं। फिर उन्होंने कबीरदास, तुलसीदास, बाबा फ़रीद इत्यादि कई अन्य कवियों को भी पढ़ा और उन्होंने पाया कि इन कवियों की सीधी-सादी, बिना लाग लपेट की, दो-टूक भाषा में लिखी रचनाएँ अधिक प्रभावकारी है जैसे सूरदास की ही 'ऊधो मन न भए दस बीस। एक हुतो सो गयौ स्याम संग, को अराधै ते ईस॥ तब से वैसी ही सरल भाषा सदैव के लिए उनकी अपनी शैली बन गई। 

निदा फ़ाज़ली की 2 ग़ज़लें 

1- सफ़र में धूप तो होगी, जो चल सको तो चलो
सभी हैं भीड़ में तुम भी निकल सको तो चलो
यहाँ किसी को कोई रास्ता नहीं देता
मुझे गिरा के अगर तुम सम्हल सको तो चलो
हर इक सफ़र को है महफूज़ रास्तों की तलाश
हिफ़ाज़तों की रिवायत बदल सको तो चलो
यही है ज़िन्दगी कुछ ख़्वाब चंद उम्मीदें
इन्हीं खिलौनों से तुम भी बहल सको तो चलो
किसी के वास्ते राहें कहाँ बदलती हैं
तुम अपने आप को खुद ही बदल सको तो चलो

2- अपनी मर्ज़ी से कहाँ अपने सफ़र के हम हैं 
रुख हवाओं का जिधर का है उधर के हम हैं 
पहले हर चीज़ थी अपनी मगर अब लगता है 
अपने ही घर में, किसी दूसरे घर के हम हैं 
वक्त के साथ है मिट्टी का सफ़र सदियों से 
किसको मालूम, कहाँ के हैं किधर के हम हैं 
जिस्म से रूह तलक अपने कई आलम हैं 
कभी धरती के कभी चाँद नगर के हम हैं 
चलते रहते हैं कि चलना है मुसाफ़िर का नसीब 
सोचते रहते हैं, किस राहगुज़र के हम हैं 
गिनतियों में ही गिने जाते हैं हर दौर में हम 
हर क़लमकार की बेनाम ख़बर के हम हैं 


निदा फ़ाज़ली के दोहे
सबकी पूजा एक सी, अलग-अलग हर रीत। 
मस्जिद जाए मौलवी, कोयल गाए गीत॥ 
पूजा -घर में मूरती, मीरा के संग श्याम।
जितनी जिसकी चाकरी, उतने उसके दाम॥ 
सीता-रावण, राम का, करें बिभाजन लोग।
एक ही तन में देखिए, तीनों का संजोग॥ 
माटी से माटी मिले, खो के सभी निशान।
किसमें कितना कौन है, कैसे हो पहचान॥ 

----------
बच्चा बोला देख कर मस्जिद आली-शान 
अल्लाह तेरे एक को इतना बड़ा मकान 

घर को खोजें रात दिन घर से निकले पाँव 
वो रस्ता ही खो गया जिस रस्ते था गाँव 

नक़्शा ले कर हाथ में बच्चा है हैरान 
कैसे दीमक खा गई उस का हिन्दोस्तान 

वो सूफ़ी का क़ौल हो या पंडित का ज्ञान 
जितनी बीते आप पर उतना ही सच मान 

मैं रोया परदेस में भीगा माँ का प्यार 
दुख ने दुख से बात की बिन चिट्ठी बिन तार 

सम्मान और पुरस्कार
1998 में साहित्य अकादमी पुरस्कार - काव्य संग्रह खोया हुआ सा कुछ (1996)
2003 में स्टार स्क्रीन पुरस्कार - श्रेष्टतम गीतकार - फ़िल्म 'सुर के लिए
2003 में बॉलीवुड मूवी पुरस्कार - श्रेष्टतम गीतकार - फ़िल्म सुर के गीत 'आ भी जा' के लिए
मध्य प्रदेश सरकार का मीर तकी मीर पुरस्कार (आत्मकथा रूपी उपन्यास 'दीवारों के बीच' के लिए)
मध्य प्रदेश सरकार का खुसरो पुरस्कार- उर्दू और हिन्दी साहित्य के लिए
महाराष्ट्र उर्दू अकादमी का श्रेष्ठतम कविता पुरस्कार- उर्दू साहित्य के लिए
बिहार उर्दू अकादमी पुरस्कार
उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी का पुरस्कार
हिन्दी उर्दू संगम पुरस्कार (लखनऊ) 

- अलकनंदा स‍िंंह 

Thursday, 5 October 2023

इस बार साहित्य का नोबेल पुरस्कार नॉर्वेजियन लेखक जॉन फॉसे को दिया गया


 साल 2023 का साहित्य का नोबेल पुरस्कार नॉर्वेजियन लेखक जॉन फॉसे को दिया गया है। यह पुरस्कार उनके अभिनव नाटकों और गद्य के लिए दिया गया है जो अनकही भावनाओं को आवाज देते हैं। 

जॉन फॉसे की लेखनी में भावनाओं का जिक्र 
इस वर्ष के साहित्य के नोबेल पुरस्कार विजेता जॉन फॉसे ने उपन्यासों को एक ऐसी शैली में लिखा है जिसे 'फॉसे मिनिमलिज्म' के नाम से जाना जाता है। इसे उनके दूसरे उपन्यास 'स्टेंग्ड गिटार' (1985) में देखा जा सकता है। फासे अपनी लेखनी में उन कष्टप्रद भावनाओं को शब्दों में जिक्र करते हैं, जिसे सामान्य तौर पर लिखना मुश्किल होता है। 

उनका पहला उपन्यास, राउड्ट, स्वार्ट (रेड, ब्लैक) 1983 में प्रकाशित हुआ था, हालांकि वह 1981 में एक स्टूडेंट न्यूजपेपर में प्रकाशित लघु कहानी हान (हे) को अपनी साहित्यिक शुरुआत मानते हैं. एक लेखक के रूप में उनकी सफलता 1989 के उपन्यास नॉस्टेट (बोटहाउस) से मिली.

स्टेंग्ड गिटार में उन्होंने लिखा कि एक नौजवान मां कूड़ा-कचरा नीचे फेंकने के लिए अपने फ्लैट से बाहर निकलती है, लेकिन खुद को बाहर बंद कर लेती है, जबकि उसका बच्चा अभी भी अंदर है। उसे जाकर मदद मांगनी है, लेकिन वह ऐसा करने में असमर्थ है क्योंकि वह अपने बच्चे को छोड़ नहीं सकती। जबकि वह खुद को, काफ्केस्क शब्दों में, 'कानून के सामने' पाती है। अंतर स्पष्ट है: फॉसे रोजमर्रा की ऐसी स्थितियों को प्रस्तुत करता है जिन्हें हमारे अपने जीवन से तुरंत पहचाना जा सकता है।


जॉन फॉसे की टार्जेई वेसास के साथ समानता
जॉन फॉसे और नॉर्वेजियन नाइनोर्स्क साहित्य के भीष्म पितामह कहे जाने वाले टार्जेई वेसास के साथ बहुत कुछ समानता है। फॉसे आधुनिकतावादी कलात्मक तकनीकों के साथ भाषाई और भौगोलिक दोनों तरह के मजबूत स्थानीय संबंधों को जोड़ते हैं। उन्होंने अपने वॉल्वरवांडशाफ्टन में सैमुअल बेकेट, थॉमस बर्नहार्ड और जॉर्ज ट्राकल जैसे नाम शामिल किए हैं। वहीं, वे अपने पूर्ववर्तियों के नकारात्मक दृष्टिकोण को साझा करते हैं, उनकी विशेष ज्ञानवादी दृष्टि को दुनिया की शून्यवादी अवमानना के परिणाम के रूप में नहीं कहा जा सकता है।
साल 2022 में यह पुरस्कार फ्रांसीसी लेखिका एनी एनॉक्स को दिया गया था। एनी ने अपनी लेखनी के जरिए साहसिक क्लिनिकल एक्यूटी (clinical acuity) पर कई लेख लिखे हैं। एनी एनॉक्स ने फ्रेंच, इंग्लिश में कई उपन्यास, लेख, नाटक और फिल्में भी लिखी हैं। साल 2021 में साहित्य का नोबेल पुरस्कार उपन्यासकार अब्दुलराजक गुरनाह को दिया गया था। उन्हें अपनी लेखनी के जरिए उपनिवेशवाद के प्रभावों, संस्कृतियों को लेकर लिखने के लिए यह पुरस्कार दिया गया था। 2019 में साहित्य का नोबेल पुरस्कार आस्ट्रियाई मूल के लेखक पीटर हैंडका को दिया गया था। उन्हें यह पुरस्कार इनोवेटिव लेखन और भाषा में नवीनतम प्रयोगों के लिए दिया गया था। 
Compiled: Legend News

Monday, 10 July 2023

स्त्रियों के जीवन में रंग भरने वाला सबसे प्रिय ऋतु गीत- कजरी , आप भी सुनें


सबसे पहले आज सावन की शुरुआत पर आप भी सुनें ये ------- नीचे द‍िए गए ल‍िंक  पर क्ल‍िक करें 

https://www.youtube.com/watch?v=PBHHxbDNLE0

शुक्ला बहनों द्वारा गाई कजरी सुन‍िए 

#Kiran_Shukla #Prasann_Shukla (Shukla Sisters )are daughters of great #Indian_classical_music legend #Pandit_Shivkumar_Shukla.They performed all over India and abroad. Harmonium : #UstadFirozShah. Guitar : #ChintooSinghWasir. Tabla : #Mukaram. Video Creation : #FawaadRashid.


लोक संगीत में दो तरह के ऋतु गीत पाए जाते हैं। फागुन में फाग (होरी) और सावन में कजरी। होरी पुरुष प्रधान गीत है तो कजरी स्त्रियों के कंठ का शृंगार। इन दोनों ही ऋतुओं का मानव जीवन पर कितना गहरा और गाढ़ा प्रभाव है, वह सावन और फागुन में गाए जाने वाले गीतों से परिलक्षित होता है। भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां जब शहनाई पर कजरी की धुन बजाते थे, तो संगीत के लोक में शास्त्र निखर जाता था। कजरी की धुनों पर जब वो दमकशी लगाते थे, तब उनकी शहनाई के सुरों की गजब की कसक होती थी।

यूं तो----

कजरी पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रसिद्ध लोकगीत है। कजरी की उत्पत्ति मिर्जापुर में मानी जाती है। मिर्जापुर पूर्वी उत्तर प्रदेश में गंगा के किनारे बसा जिला है। यह वर्षा ऋतु का लोकगीत है। इसे सावन के महीने में गाया जाता है। यह अर्ध-शास्त्रीय गायन की विधा के रूप में भी विकसित हुआ है और इसके गायन में बनारस घराने की ख़ास दखल है।


कजरी गीतों में वर्षा ऋतु का वर्णन विरह-वर्णन तथा राधा-कृष्ण की लीलाओं का वर्णन अधिकतर मिलता है। कजरी की प्रकृति क्षुद्र है। इसमें श्रृंगार रस की प्रधानता होती है। उत्तरप्रदेश एवं बनारस में कजरी गाने का प्रचार खूब पाया जाता है। ब्रज क्षेत्र के प्रमुख लोक गीत झूला, होरी रसिया हैं। झूला, सावन में व होरी, फाल्गुन में गाया जाता है|


प्राचीन काल से ही उत्तर प्रदेश का मिर्जापुर जनपद माँ विंध्यवासिनी के शक्तिपीठ के रूप में आस्था का केन्द्र रहा है। अधिसंख्य प्राचीन कजरियों में शक्तिस्वरूपा देवी का ही गुणगान मिलता है। आज कजरी के वर्ण्य-विषय काफ़ी विस्तृत हैं, परन्तु कजरी गायन का प्रारम्भ देवी गीत से ही होता है। कुछ लोगों का मानना है कि कान्तित के राजा की लड़की का नाम कजरी था। वो अपने पति से बेहद प्यार करती थी। जिसे उस समय उससे अलग कर दिया गया था। उनकी याद में जो वो प्यार के गीत गाती थी। उसे मिर्जापुर के लोग कजरी के नाम से याद करते हैं। वे उन्हीं की याद में कजरी महोत्सव मनाते हैं। हिन्दू धर्मग्रंथों में श्रावण मास का विशेष महत्त्व है।



कजरी के चार अखाड़े प.शिवदास मालिविय अखाड़ा, जहाँगीर अखाड़ा, बैरागी अखाड़ा व अक्खड़ अखाड़ा हैं। यह मुख्यतः बनारस, बलिया, चंदौली और जौनपुर जिले के क्षेत्रों में गाया जाता है।


कुछ प्रस‍िद्ध कजरी/कजली



1. देखो सावन में हिंडोला झूलैंदेखो सावन में हिंडोला झूलैं मन्दिर में गोपाल।

राधा जी तहाँ पास बिराजैं ठाड़ी बृज की बाल।।


सोना रूपा बना हिंडोला, पलना लाल निहार।

जंगाली रंग, सजा हिंडोला, हरियाली गुलज़ार।।


भीड़ भई है भारी, दौड़े आवैं, नर और नार।

सीस महल का अजब हिंडोला, शोभा का नहीं पार ।।


फूल काँच मेहराब जु लागी पत्तन बांधी डार।

रसिक किशोरी कहै सब दरसन करते ख़ूब बहार।।

2. छैला छाय रहे मधुबन मेंछैला छाय रहे मधुबन में सावन सुरत बिसारे मोर।

मोर शोर बरजोर मचावै, देखि घटा घनघोर।।


कोकिल शुक सारिका पपीहा, दादुर धुनि चहुंओर।

झूलत ललिता लता तरु पर, पवन चलत झकझोर।।


ताखि निकुंज सुनो सुधि आवै श्याम संवलिया तोर।

विरह विकल बलदेव रैन दिन बिनु चितये चितचोर।।

3. आई सावन की बहारछाई घटा घनघोर बन में, बोलन लागे मोर।

रिमझिम पनियां बरसै जोर मोरे प्यारे बलमू।।


धानी चद्दर सिंआव, सारी सबज रंगाव।

वामें गोटवा टकाव, मोरे बारे बलमू।।


मैं तो जइहों कुंजधाम, सुनो कजरी ललाम।

जहाँ झूले राधे-श्याम, मोरे बारे बलमू।।


बलदेव क्यों उदास पुनि अइहौ तोरे पास।

मानो मोरा विसवास, मोरे बारे बलमू।।

4. हरि संग डारि-डारि गलबहियाँहरि संग डारि-डारि गल बहियाँ झूलत बरसाने की नारि।

प्रेमानन्द मगन मतवारी सुधि बुधि सकल बिसारि।।


करि आलिंग प्रेमरस भीजत अंचल अलक उघारि।

टूटे बोल हिंडोल उठावति रुकि-रुकि अंग संवारि।।


श्रीधर ललित जुगल छबि ऊपर डारत तन-मन वारि।

हरि संग डाल-डाल गलबहियाँ, झूलत बरसाने की नारि।।

5. हरि बिन जियरा मोरा तरसेहरि बिन जियरा मोरा तरसे, सावन बरसै घना घोर।

रूम झूम नभ बादर आए, चहुँ दिसी बोले मोर।

रैन अंधेरी रिमझिम बरसै, डरपै जियरा मोर।।


बैठ रैन बिहाय सोच में, तड़प तड़प हो भोर।

पावस बीत्यौ जात, श्याम अब आओ भवन बहोर।।


आओ श्याम उर सोच मिटाऔ, लागौं पैयां तोर।

हरिजन हरिहिं मनाय 'हरिचन्द' विनय करत कर जोर।।

6. झूला झूलन हम लागी हो रामाझूला झूलन हम लागी हो रामा, मिल गए साजनवा।


आज तलक हम किन्हीं न बतियाँ, साजन देखे घर की छतियाँ,

नैना से नैना मिलाए न रामा, मिल गए साजनवा।


एक सखि मोरे ढिंग आई, आँख दिखा मोहे बात सुनाई

ऎसी क्यूं रूठी साजन से, फिर गए साजनवा।


मैं बोली सखि लाज की मारी, गोरी हँसती दे-दे तारी,

कैसी करूँ अब जतन बताय सखि, मिल जायें साजनवा।

7. अजहू न आयल तोहार छोटी ननदीअजहू न आयल तोहार छोटी ननदी


बरसत सावन तरसत बीता, कजरी के आइन बहार । छोटी ननदी०।।

सब सखि झूला झूलन सावन मां गावत कजरी मलार । छोटी ननदी०।।

पी-पी रटत पपीहा नाचत, मोर किए किलकार । छोटी ननदी०।।

प्रिया प्रेमघन बिन एको छन लागैना जियरा हमार । छोटी ननदी०।।

8. तरसत जियरा हमार नैहर मेंतरसत जियरा हमार नैहर में ।

बाबा हठ कीनॊ, गवनवा न दीनो

बीत गइली बरखा बहार नैहर में ।


फट गई चुन्दरी, मसक गई अंगिया

टूट गइल मोतिया के हार, नैहर में ।


कहत छ्बीले पिया घर नाही

नाही भावत जिया सिंगार, नैहर में ।


Tuesday, 2 May 2023

फ़ना बुलंदशहरी की 'मेरे रश्क-ए-क़मर' का हिंदी में अर्थ


 हिंदी में रश्क़े-क़मर का क्या अर्थ है? ये सवाल "फ़ना बुलंदशहरी" द्वारा लिखित इस ग़ज़ल से प्रेरित है। 

मेरे रश्के कमर तू ने पहली नज़र जब नज़र से मिलायी मज़ा आ गया।
बर्क़ सी गिर गयी काम ही कर गयी आग ऐसी लगायी मज़ा आ गया।।

आमतौर पे लोग इसे नाभि के पास का कमर समझते हैं । पर ऐसा नहीं है। दोनों के ‘क’ में फ़र्क़ है ।

कमर کمر : शरीर का अंग । इसमें ये क है ک

क़मर قمر : चाँद । इसमें ये क अलग है ق बिंदी/ नुक़्ता वाला

तो रश्के क़मर का अर्थ हुआ जिससे चाँद को भी जलन होने लगे।


दरअसल ये अरबी शब्द है। अरबी में सूरज को शम्स कहते हैं और चाँद को क़मर । हमलोग जो मेहताब जानते हैं वो फारसी से है । इनका फ़र्क़ यहाँ देखें- 

हिंदी सूरज चाँद
फ़ारसी आफताब माहताब
अरबी शम्स क़मर
अंग्रेज़ी सन मून

शम्स और क़मर दोनों को ‘मीर’ के इस शेर में देखें

फूल गुल शम्स ओ क़मर सारे ही थे
पर हमें उन में तुम्हीं भाए बहुत

अर्थात, फूल , गुल , सूरज , चाँद सारे थे - जिन्हें सौंदर्य का प्रतीक माना जाता है, सुन्दरता का पैमाना माना जाता है, पर दुनिया के सर्वोत्कृष्ट सौंदर्य के रहते हुए भी - मुझे तुम्ही बहुत भाए।

अरबी, फ़ारसी, उर्दू, हिंदी कितनी अच्छी भाषाएं हैं, पर हम सब अंग्रेजी के गुलाम हो कर रह गए है, जिसमे न किसी की कोई पहचान है और न ही तहजीब। जितनी खूबसूरती से ईन भाषाओं में बात कर सकते हैं वो अंग्रेजी में मुमकिन नहीं बल्कि कई तो ऐसे भी शब्द या आवाजें हैं जो अंग्रेजी में हैं ही नहीं।


बहरहाल  यहां पढ़िए पूरी ग़ज़ल - 

मेरे रश्क-ए-क़मर तू ने पहली नज़र जब नज़र से मिलाई मज़ा आ गया 

बर्क़ सी गिर गई काम ही कर गई आग ऐसी लगाई मज़ा आ गया 

जाम में घोल कर हुस्न की मस्तियाँ चाँदनी मुस्कुराई मज़ा आ गया 

चाँद के साए में ऐ मिरे साक़िया तू ने ऐसी पिलाई मज़ा आ गया 

नश्शा शीशे में अंगड़ाई लेने लगा बज़्म-ए-रिंदाँ में साग़र खनकने लगा 

मय-कदे पे बरसने लगीं मस्तियाँ जब घटा घिर के आई मज़ा आ गया 

बे-हिजाबाना वो सामने आ गए और जवानी जवानी से टकरा गई 

आँख उन की लड़ी यूँ मिरी आँख से देख कर ये लड़ाई मज़ा आ गया 

आँख में थी हया हर मुलाक़ात पर सुर्ख़ आरिज़ हुए वस्ल की बात पर 

उस ने शर्मा के मेरे सवालात पे ऐसे गर्दन झुकाई मज़ा आ गया 

शेख़-साहब का ईमान बिक ही गया देख कर हुस्न-ए-साक़ी पिघल ही गया 

आज से पहले ये कितने मग़रूर थे लुट गई पारसाई मज़ा आ गया 

ऐ 'फ़ना' शुक्र है आज बाद-ए-फ़ना उस ने रख ली मिरे प्यार कि आबरू 

अपने हाथों से उस ने मिरी क़ब्र पे चादर-ए-गुल चढ़ाई मज़ा आ गया ।

Monday, 27 February 2023

आंचलिक संवेदना वाले समादृत कथाकार थे फणीश्वरनाथ रेणु, पढ़िए उनकी कहानी- रसप्रिया

एक समादृत कथाकार, कुछ कविताओं का भी लेखन, समाजवादी और आंचलिक संवेदना के लिए उल्लेखनीय साहित्‍य रचने वाले पद्मश्री से सम्मानित कथाकार थे फणीश्वरनाथ रेणु। आज उनका जन्‍मदिन है। साहित्‍यप्रेमी उन्‍हें हिंदी में आंचलिक कथा की नींव रखने वाले के रूप में याद कर रहे हैं। वो अकसर कहा करते थे कि साहित्य की पौध बड़ी नाज़ुक और हरी होती है। इसे राजनीति की भैंस द्वारा चर लिए जाने से बचाए रख सकें तभी फ़सल हमें मिल सकती है। 

उनके द्वारा रचित कहानी संग्रह: 'ठुमरी', 'अग्निखोर', 'आदिम रात्रि की महक', 'तीसरी कसम' आदि। उपन्यास: 'मैला आँचल', 'परती परिकथा' आदि। निबंध-संग्रह: 'श्रुत अश्रुतपूर्व। ' थे। उपन्यास रेणु को जितनी ख्याति हिंदी साहित्य में अपने उपन्यास मैला आँचल से मिली, उसकी मिसाल मिलना दुर्लभ है। इस उपन्यास के प्रकाशन ने उन्हें रातो-रात हिंदी के एक बड़े कथाकार के रूप में प्रसिद्ध कर दिया। 

आज पढ़िए रेणु द्वारा लिखी कहानी- रसप्रिया 

धूल में पड़े कीमती पत्थर को देखकर जौहरी की आँखों में एक नई झलक झिलमिला गई - अपरूप-रूप!
चरवाहा मोहना छौंड़ा को देखते ही पँचकौड़ी मिरदंगिया के मुँह से निकल पड़ा अपरूप-रूप!
....खेतों, मैंदानों, बाग-बगीचों और गाय-बैलों के बीच चरवाहा मोहना की सुन्दरता!
मिरदंगिया की क्षीण-ज्योति आँखें सजल हो गई।
मोहना ने मुस्कराकर पूछा-तुम्हारी उँगली तो रसपिरिया बजाते टेढ़ी हुई है; है न?
ऐं! -बूढ़े मिरदंगिया ने चैंकते हुए कहा - रसपिरिया ?.... हाँ.... नहीं। तुमने कैसे.........तुमने कहाँ सुना बे....? ‘बेटा’ कहते- कहते वह रूक गया।.....परमानपुर में उस बार एक ब्राह्मण के लड़के को उसने प्यार से ‘बेटा’ कह दिया था। सारे गाँव के लड़कों ने उसे घेरकर मारपीट की तैयारी की थी - बहरदार होकर ब्राह्मण के बच्चे को बेटा कहेगा? मारो साले बुड्ढे को घेरकर!...... मृदंग फोड़ दो।
मिरदंगिया ने हँसकर कहा था - अच्छा, इस बार माफ़ कर दो सरकार! अब से आप लोगों को बाप ही कहूँगा। बच्चे खुश हो गए थे। एक दो-ढाई साल के नंगे बालक की ठुड्डी पकड़कर वह बोला था - क्यों, ठीक है न बापजी?
बच्चे ठठाकर हँस पड़े थे।
लेकिन, इस घटना के बाद फिर कभी उसने किसी बच्चे को बेटा कहने की हिम्मत नहीं की थी। मोहना को देखकर बार-बार बेटा कहने की इच्छा होती है।
- रसपिरिया की बात किसने बताई तुमसे? .....बोलो बेटा!
दस-बारह साल का मोहना भी जानता है, पँचकौड़ी अधपगला है। .....कौन इससे पार पाए! उसने दूर मैदान में चरते हुए अपने बैलों की ओर देखा।
मिरदंगिया कमलपुर के बाबू लोगों के यहाँ जा रहा था। कमलपुर के नन्दू बाबू के घराने में अब भी मिरदंगिया को चार मीठी बातें सुनने का मिल जाती हैं। एक-दो जून भोजन तो बँधा हुआ है ही; कभी-कभी रस-चरचा भी यहीं आकर सुनता है वह। दो साल के बाद वह इस इलाके में आया है। दुनिया बहुत जल्दी-जल्दी बदल रही है। ....आज सुबह शोभा मिसर के छोटे लड़के ने तो साफ़-साफ़ कह दिया - तुम जी रहे हो या थेथरई कर रहे हो मिरदंगिया?
हाँ, यह जीना भी कोई जीना है? निर्लज्जता है; और थेथरई की भी सीमा होती है।....पन्द्रह साल से वह गले में मृदंग लटकाकर गाँव-गाँव घूमता है, भीख माँगता है। ....दाहिने हाथ की टेढ़ी उँगली मृदंग पर बैठती ही नहीं है, मृदंग क्या बजाएगा! अब तो, ‘धा तिंग धा तिंग’ भी बड़ी मुश्किल से बजाता है।.....
अतिरिक्त गाँजा-भाँग सेवन से गले की आवाज़ विकृत हो गई है। किन्तु मृदंग बजाते समय विद्यापति की पदावली गाने की वह चेष्टा अवश्य करेगा।.......फूटी भाथी से जैसी आवाज़ निकलती है, वैसी ही आवाज़.....सों-य सों-य!
पन्द्रह-बीस साल पहले तक विद्यापति नाम की थोड़ी पूछ हो जाती थी। शादी-ब्याह, यज्ञ-उपनैन, मुण्डन-छेदन आदि शुभ कार्यों में विदपतिया मण्डली की बुलाहट होती थी। पँचकौड़ी मिरदंगिया की मण्डली ने सहरसा और पूर्णिया जिले में काफी यश कमाया है। पँचकौड़ी मिरदंगिया को कौन नहीं जानता! सभी जानते हैं, वह अधपगला है!....गाँव के बड़े-बूढ़े कहते हैं - अरे, पँचकौड़ी मिरदंगिया का भी एक ज़माना था!
इस ज़माने में मोहना जैसा लड़का भी है - सुन्दर, सलोना और सुरीला!. .....रसप्रिया गाने का आग्रह करता है - एक रसपिरिया गाओ न मिरदंगिया!
-रसपिरिया सुनोगे?......अच्छा सुनाऊँगा। पहले बताओ, किसने.....
-हे-ए-ए हे-ए.......मोहना, बैल भागे......! - एक चरवाहा चिल्लाया -रे मोहना, पीठ की चमड़ी उधेड़ेगा करमू!
-अरे बाप! मोहना भागा। कल ही करमू ने उसे बुरी तरह पीटा है। दोनों बैलों को हरे-हरे पाट के पौधों की महक खींच ले जाती है बार-बार।......खटमिट्ठा पाट!
पँचकौड़ी ने पुकारकर कहा- मैं यहीं पेड़ की छाया में बैठता हूँ। तुम बैल हाँककर लौटो। रसपिरिया नहीं सुनोगे?
मोहना जा रहा था। उसने पलटकर देखा भी नहीं।
रसप्रिया!
विदापत नाच वाले रसप्रिया गाते थे। सहरसा के जोगेन्दर झा ने एक बार विद्यापति के बारह पदों की एक पुस्तिका छपाई थी। मेले में खूब बिक्री हुई थी रसप्रिया पोथी की। विदापत नाच वालों ने गा-गाकर जनप्रिया बना दिया था रसप्रिया को।
खेत के ‘आल’ पर झरजामुन की छाया में पँचकौड़ी मिरदंगिया बैठा हुआ है; मोहना की राह देख रहा है। ....जेठ की चढ़ती दोपहरी में खेतों में काम करने वाले भी अब गीत नहीं गाते हैं। ...कुछ दिनों के बाद कोयल भी कूकना भूल जाएगी क्या? ऐसी दोपहरी में चुपचाप कैसे काम किया जाता है! पाँच साल पहले तक लोगों के दिल में हुलारस बाकी था। ...पहली वर्षा में भीगी हुई धरती के हरे-भरे पौधों से एक खास किस्म की गन्ध निकलती है। तपती दोपहरी में मोम की तरह गल उठती थी-रस की डाली। वे गाने लगते थे बिरहा, चाँचर, लगनी। खेतों में काम करते हुए गाने वाले गीत भी समय-असमय का खयाल करके गाये जाते हैं। रिमझिम वर्षा में बारहमासा, चिलचिलाती धूप में बिरहा, चाँचर और लगनी-
"हाँ...रे, हल जोते हलवाहा भैया रे...
खुरपी रे चलावे...म-ज-दू-र!
एहि पंथे, धानी मोरा हे़ रूसलि...।"
खेतों में काम करते हलवाहों और मज़दूरों से कोई बिरही पूछ रहा है, कातर स्वर में-उसकी रूठी हुई धनी को इस राह से जाते देखा है किसीने ?....
अब तो दोपहरी नीरस ही कटती है, मानो किसी के पास एक शब्द भी नहीं रह गया है।
आसमान में चक्कर काटते हुए चील ने टिंहकारी भरी - टिं...ई....टिं-हि-क!
मिरदंगिया ने गाली दी-शैतान!
उसको छेड़कर मोहना दूर भाग गया है। वह आतुर होकर प्रतीक्षा कर रहा है। जी करता है, दौड़कर उसके पास चला जाए। दूर चरते हुए मवेशियों के झुंडों की ओर बार-बार वह बेकार देखने की चेष्टा करता है। सब धुँधला!
उसने अपनी झोली टटोलकर देखा-आम हैं, मूढ़ी है। ....उसे भूख लगी।
मोहना के सूखे मुँह की याद आई और भूख मिट गई।
मोहना जैसे सुन्दर, सुशील लड़कों की खोज में ही उसकी ज़िन्दगी के अधिकांश दिन बीते हैं। ...बिदापत नाच में नाचने वाले ‘नटुआ’ का अनुसन्धान खेल नहीं। ....सवर्णों के घर में नहीं, छोटी जाति के लोगों के यहाँ मोहना जैसे लड़की-मुँहा लड़के हमेशा पैदा नहीं होते। ये अवतार लेते हैं समय-समय पर जदा जदा हि....
मैथिल ब्राह्मण, कायस्थों और राजपूतों के यहाँ विदापत वालों की बड़ी इज़्ज़त होती थी।....अपनी बोली-मिथिलाम-में नटुआ के मुँह से ‘जनम अवधि हम रूप निहारल’ सुनकर वे निहाल हो जाते थे। इसलिए हर मण्डली का मूलगैन नटुआ की खोज में गाँव-गाँव भटकता फिरता था-ऐसा लड़का, जिसे सजा-धजाकर नाच में उतारते ही दर्शकों में एक फुसफुसाहट फैल जाए।
-- ठीक ब्राह्मणी की तरह लगता है। है न?
--मधुकान्त ठाकुर की बेटी की तरह...।
-- नः ! छोटी चम्पा जैसी सूरत है!
पँचकौड़ी गुनी आदमी है। दूसरी-दूसरी मण्डली में मूलगैन और मिरदंगिया की अपनी-अपनी जगह होती। पँचकौड़ी मूलगैन भी था और मिरदंगिया भी। गले में मृदंग लटकाकर बजाते हुए वह गाता था, नाचता था। एक सप्ताह में ही नया लड़का भाँवरी देकर परवेश में उतरने योग्य नाच सीख लेता था।
नाच और गाना सिखाने में कभी उसे कठिनाई नहीं हुई; मृदंग के स्पष्ट ‘बोल’ पर लड़कों के पाँव स्वयं ही थिरकने लगते थे। लड़कों के ज़िद्दी माँ-बाप से निबटना मुश्किल व्यापार होता था। विशुद्ध मैथिल में और भी शहद लपेटकर वह फुसलाता..
-किसन कन्हैया भी नाचते थे। नाच तो एक गुण है।....अरे, जाचक कहो या दसदुआरी। चोरी, डकैती और आवारागर्दी से अच्छा है अपना-अपना ‘गुन’ दिखाकर लोगों को रिझाकर गुजारा करना।
एक बार उसे लड़के की चोरी भी करनी पड़ी थी।....बहुत पुरानी बात है। इतनी मार लगी थी कि....बहुत पुरानी बात है।
पुरानी ही सही, बात तो ठीक है।
रसपिरीया बजाते समय तुम्हारी उँगली टेढ़ी हुई थी। ठीक है न? मोहना न जाने कब लौट आया।
मिरदंगिया के चेहरे पर चमक लौट आई। वह मोहना की ओर एक टकटकी लगाकर देखने लगा....यह गुणवान मर रहा है। धीरे-धीरे, तिल-तिलकर वह खो रहा है। लाल-लाल ओठों पर बीड़ी की कालिख लग गई है। पेट में तिल्ली है ज़रूर!...
मिरदंगिया वैद्य भी है। एक झुंड बच्चों का बाप धीरे-धीरे एक पारिवारिक डॉक्टर की योग्यता हासिल कर लेता है।....उत्सवों के बासी-टटका भोज्यान्नों की प्रतिक्रिया कभी-कभी बहुत बुरी होती। मिरदंगिया अपने साथ नमक-सुलेमानी, चानमार-पाचन और कुनैन की गोली हमेशा रखता था।...लड़कों को सदा गरम पानी के साथ हल्दी की बुकनी खिलाता। पीपल, काली मिर्च, अदरक वगैरह को घी में भूनकर शहद के साथ सुबह-शाम चटाता। ...गरम पानी!
पोटली से मूढ़ी और आम निकालते हुए मिरदंगिया बोला-हाँ, गरम पानी! तेरी तिल्ली बढ़ गई है। गरम पानी पिओ!
- यह तुमने कैसे जान लिया? फारबिसगंज के डाकडर बाबू भी कह रहे थे तिल्ली बढ़ गई है। दवा....।
आगे कहने की ज़रूरत नहीं। मिरदंगिया जानता है, मोहना जैसे लड़कों के पेट की तिल्ली चिता पर ही गलती है! क्या होगा पूछकर, कि दवा क्यों नहीं करवाते!
- माँ भी कहती है, हल्दी की बुकनी के साथ रोज़ गरम पानी। तिल्ली गल जाएगी।
मिरदंगिया ने मुस्कराकर कहा-बड़ी सयानी है तुम्हारी माँ! केले के सूखे पत्तल पर मूढ़ी और आम रखकर उसने बड़े प्यार से कहा- आओ, एक मुट्ठी खा लो।
- नहीं, मुझे भूख नहीं ।
किन्तु मोहना की आँखों से रह-रहकर कोई झाँकता था, मूढ़ी और आम को एक साथ निगल जाना चाहता था।...भूखा, बीमार भगवान् -आओ, खा लो बेटा! ....रसपिरिया नहीं सुनोगे?
माँ के सिवा, आज तक किसी अन्य व्यक्ति ने मोहना को इस तरह प्यार से कभी परोसे भोजन पर नहीं बुलाया।...लेकिन, दूसरे चरवाहे देख लें तो माँ से कह देंगे। ....भीख का अन्न!
- नहीं, मुझे भूख नहीं।
मिरदंगिया अप्रतिभ हो जाता है। उसकी आँखें फिर सजल हो जाती है। मिरदंगिया ने मोहना जैसे दर्जनों सुकुमार बालकों की सेवा की है। अपने बच्चों को भी शायद वह इतना प्यार नहीं दे सकता।.... और अपना बच्चा! हूँ!... अपना-पराया? अब तो सब अपने, सब पराये।...

-मोहन!
-कोई देख लेगा तो?
-तो क्या होगा?
-माँ से कह देगा। तुम भीख माँगते हो न?
- कौन भीख माँगता है? मिरदंगिया के आत्म-सम्मान को इस भोले लड़के ने बेवजह ठेस लगा दी। उसके मन की झाँपी में कुण्डलीकार सोया हुआ साँप फन फैलाकर फुफकार उठा-ए-स्साला! मारेंगे वह तमाचा कि... ऐ! गाली क्यों देते हो! मोहना ने डरते-डरते प्रतिवाद किया।
वह उठ खड़ा हुआ, पागलों का क्या विश्वास?
आसमान में उड़ती हुई चील ने फिर टिंहकारी भरी-टिं-हीं...ई...टिं टिं-ग!
- मोहना! मिरदंगिया की आवाज़ गम्भीर हो गई।
मोहना जरा दूर जाकर खड़ा हो गया।
- किसने कहा तुमसे कि मैं भीख माँगता हूँ? मिरदंग बजाकर पदावली गाकर, लोगों को रिझाकर पेट पालता हूँ।...तुम ठीक कहते हो, भीख का ही अन्न है यह। भीख का ही फल है यह।...मैं नहीं दूँगा।... तुम बैठों, में रसपिरिया सुना दूँ।
मिरदंगिया का चेहरा धीरे-धीरे विकृत हो रहा है। ....आसमान में उड़ने वाली चील अब पेड़ की डाली पर आ बैठी है!-टिं-टिं-हिं टिंटिक!
मोहना डर गया। एक डग, दो डग... दे दौड़। वह भागा।
एक बीघा दूर जाकर उसने चिल्लाकर कहा-डायन ने बान मारकर तुम्हारी उँगली टेढ़ी कर दी है। झूठ क्यों कहते हो कि रसपिरिया बजाते समय...-ऐ! कौन है यह लड़का? कौन है यह मोहना?...रमपतिया भी कहती थी, डायन ने बान मार दिया है!
- मोहना!
मोहना ने जाते-जाते चिल्लाकर कहा-करैला! अच्छा, तो मोहना यह भी जानता है कि मिरदंगिया करैला कहने से चिढ़ता है!...कौन है यह मोहना?
मिरदंगिया आतंकित हो गया। उसके मन में एक अज्ञात भय समा गया। वह थर-थर काँपने लगा। कमलपुर के बाबुओं के यहाँ जाने का उत्साह भी नहीं रहा।
...सुबह शोभा मिसर के लड़के ने ठीक ही कहा था। उसकी आँखों से आँसू झरने लगे।
जाते-जाते मोहना डंक मार गया। उसके अधिकांश शिष्यों ने ऐसा ही व्यवहार किया है उसके साथ। नाच सीखकर फुर्र से उड़ जाने का बहाना खोजने वाले एक-एक लड़के की बातें उसे याद है।
सोनमा ने तो गाली ही दी थी-गुरुगिरी करता है, चोट्टा!
रसपतिया आकाश की ओर हाथ उठाकर बोली थी-हे दिनकर! साच्छी रहना। मिरदंगिया ने फुसलाकर मेरा सर्वनाश किया है। मेरे मन में कभी चोर नहीं था। हे सुरुज भगवान् इस दसदुआरी कुत्ते का अंग-अंग फूटकर.... मिरदंगिया ने अपनी टेढ़ी उँगली को हिलाते हुए एक लम्बी साँस ली।....
रमपतिया? जोधन गुरुजी की बेटी रमपतिया! जिस दिन वह पहले-पहल जोधन की मण्डली में शामिल हुआ था-रमपतिया बारहवें में पाँव रख रही थी। .... बाल-विधवा रमपतिया पदों का अर्थ समझने लगी थी। काम करते-करते वह गुनगुनाती-नवअनुरागिनी राधा, किछु नँहि मानय बाधा।...मिरदंगिया मूलगैनी सीखने गया था और गुरुजी ने उसे मृदंग धरा दिया था....आठ वर्ष तक तालीम पाने के बाद जब गुरुजी ने स्वजात पँचकौड़ी से रमपतिया के चुमौना की बात चलाई तो मिरदंगिया सभी ताल-मात्रा भूल गया। जोधन गुरुजी से उसने अपनी जात छिपा रखी थी। रमपतिया से उसने झूठा परेम किया था।
गुरुजी की मण्डली छोड़कर वह रातों-रात भाग गया। उसने गाँव आकर अपनी मण्डली बनाई, लड़कों को सिखाया-पढ़ाया और कमाने-खाने लगा। ...लेकिन, वह मूलगैन नहीं हो सका कभी। मिरदंगिया ही रहा सब दिन। ....जोधन गुरुजी की मृत्यु के बाद, एक बार गुलाब-बाग मेले में रमपतिया से उसकी भेंट हुई थी।
रमपतिया उसीसे मिलने आई थी। पँचकौड़ी ने साफ़ जवाब दे दिया था-क्या झूठ-फरेब जोड़ने आई है? कमलपुर के नन्दूबाबू के पास क्यों नहीं जाती, मुझे उल्लू बनाने आई है। नन्दूबाबू का घोड़ा बारह बजे रात को...। चीख उठी थी रमपतिया-पाँचू!... चूप रहो!
उसी रात रसपिरिया बजाते समय उसकी उँगली टेढ़ी हो गई थी। मृदंग पर जमनिका देकर वह परबेस का ताल बजाने लगा। नटुआ ने डेढ़ मात्रा बेताल होकर प्रवेश किया तो उसका माथा ठनका। परबेस के बाद उसने नटुआ को झिड़की दी-एस्साला! थप्पड़ों से गाल लाल कर दूँगा। ...और रसपिरिया की पहली कड़ी ही टूट गई। मिरदंगिया ने ताल को सम्हालने की बहुत चेष्टा की।
मृदंग की सूखी चमड़ी जी उठी, दहिने पूरे पर लावा-फरही फूटने लगे और ताल कटते-कटते उसकी उँगली टेढ़ी हो गई। झूठी टेढ़ी उँगली!.....हमेशा के लिए पँचकौड़ी की मण्डली टूट गई। धीरे-धीरे इलाके से विद्यापति नाच ही उठ गया। अब तो कोई विद्यापति की चर्चा भी नहीं करते हैं। .....धूप-पानी से परे, पँचकौड़ी का शरीर ठण्डी महफ़िलों में ही पनपा था। ...बेकार ज़िन्दगी में मृदंग ने बड़ा काम दिया। बेकारी का एकमात्र सहारा-मृदंग!
एक युग से वह गले में मृदंग लटकाकर भीख माँग रहा है - धा तिंग, धा तिंग!
वह एक आम उठाकर चूसने लगा-लेकिन, लेकिन, ...लेकिन.... मोहना को डायन की बात कैसे मालूम हुई?
उँगली टेढ़ी होने की खबर सुनकर रमपतिया दौड़ी आई थी, घण्टों उँगली को पकड़कर रोती रही थी - हे दिनकर, किसने इतनी बड़ी दुश्मनी की? उसका बुरा हो। ....मेरी बात लौटा दो भगवान्! गुस्से में कही हुई बातें। नहीं, नहीं। पाँचू मैंने कुछ भी नहीं किया है। ज़रूर किसी डायन ने बान मार दिया है।
मिरदंगिया ने आँखें पोंछते हुए ढलते हुए सूरज की ओर देखा।.... इस मृदंग को कलेजे से सटाकर रमपतिया ने कितनी रातें काटी हैं!.... मिरदंग को उसने छाती से लगा लिया।
पेड़ की डाली पर बैठी हुई चील ने उड़ते हुए जोड़े से कुछ कहा-टिं-टिं-हिंक्!
-एस्साला! उसने चील को गाली दी। तम्बाकू चुनियाकर मुँह में डाल ली
और मृदंग के पूरे पर उँगलियाँ नचाने लगा-धिरिनागि, धिरिनागि, धिरिनागि-धिनता!
पूरी जमनिका वह नहीं बजा सका। बीच में ही ताल टूट गया।
-अ्-कि-हे-ए-ए-ए-हा-आआ-ह-हा!
सामने झरबेरी के जंगल के उस पार किसीने सुरीली आवाज़ में, बड़े समारोह के साथ रसप्रिय़ा की पदावली उठाई-
न-व-वृन्दा-वन, न-व-न-व-तरु ग-न, न-व-नव विकसित फूल...
मिरदंगिया के सारे शरीर में एक लहर दौड़ गई। उसकी उँगलियाँ स्वयं की मृदंग के पूरे पर थिरकने लगीं। गाय-बैलों के झुण्ड दोपहर की उतरती छाया में आकर जमा होने लगे।
खेतों में काम करने वालों ने कहा-पागल है। जहाँ जी चाहा, बैठकर बजाने लगता है।
-बहुत दिन के बाद लौटा है।
- हम तो समझते थे कि कहीं मर-खप गया।
रसप्रिया की सुरीली रागिनी ताल पर आकर कट गई। मिरदंगिया का पागलपन अचानक बढ़ गया। वह उठकर दौड़ा। झरबेरी की झाड़ी के उस पास कौन है? कौन है यह शुद्ध रसप्रिया गाने वाला ?...इस ज़माने में रसप्रिया का रसिक...? झाड़ी में छिपकर मिरदंगिया ने देखा, मोहना तन्मय होकर दूसरे पद की तैयारी कर रहा है। गुनगुनाहट बन्द करके उसके गले को साफ़ किया।
मोहना के गले में राधा आकर बैठ गई है! ...क्या बन्दिश है!
"न-दी-बह नयनक नी...र!
आहो...पललि बहए ताहि ती....र!"
मोहना बेसुध होकर गा रहा था। मृदंग के बोल पर वह झूम-झूम-कर गा रहा था। मिरदंगिया की आँखें उसे एकटक निहार रही थीं और उसकी उँगलियाँ फिरकी की तरह नाचने को व्याकुल हो रही थी।....चालीस वर्ष का अधपागल युगों के बाद भावावेश में नाचने लगा। ....रह-रहकर वह अपनी विकृत आवाज़ में पदों की कड़ी धरता- फोंय-फोंय, सोंय-सोंय!
धिरिनागि धिनता!
"दुहु रस....म....य तनु गुने नहीं ओर।
लागल दुहुक न भाँगय जो-र!"

मोहना के आधे काले और आधे लाल ओठों पर नई मुस्कराहट दौड़ गई। पर समाप्त करते हुए वह बोल़ा - इस्स! टेढ़ी उँगली पर भी इतनी तेजी?
मोहना हाँफने लगा। उसकी छाती की हड्डियाँ!
- उफ़! मिरदंगिया धम्म से ज़मीन पर बैठक गया-कमाल! कमाल!...किससे सीखे? कहाँ सीखी तुमने पदावली? कौन है तुम्हारा गुरु?
मोहना ने हँसकर जवाब दिया-सीखूँगा कहाँ? माँ तो रोज़ गाती है। ... प्रातकी मुझे बहुत याद है, लेकिन अभी तो उसका समय नहीं।
- हाँ बेटा! बेताले के साथ कभी मत गाना-बजाना। जो कुछ भी है, सब चला जाएगा।....समय-कुसमय का भी ख़याल रखना। लो, अब आम खा लो।
मोहना बेझिझक आम लेकर चूसने लगा।
- एक और लो।
मोहना ने तीन आम खाए और मिरदंगिया के विशेष आग्रह पर दो मुट्ठी मूढ़ी भी फाँक गया।
-अच्छा, अब एक बात बताओगे मोहना, तुम्हारे माँ-बाप क्या करते हैं।
- बाप नहीं है, अकेली माँ है। बाबू लोगों के घर कुटाई-पिसाई करती है।
- और तुम नौकरी करते हो? किसके यहाँ?
-कमलपुर के नन्दू बाबू के यहाँ।
-नन्दू बाबू के यहाँ?
मोहना ने बताया, उसका घर सहरस में है। तीसरे साल सारा गाँव कोसी मैया के पेट में चला गया। उसकी माँ उसे लेकर अपने ममहर आई है-कमलपुर।
-कमलपुर में तुम्हारी माँ के मामू रहते हैं?
मिरदंगिया कुछ देर तक चुपचाप सूर्य की ओर देखता रहा।.... नन्दू बाबू.
..मोहना....मोहना की माँ!
-डायन वाली बात तुम्हारी माँ कह रही थी?
- हाँ। और एक बार सामदेव झा के यहाँ जनेऊ में तुमने गिरधरपट्टी मण्डली वालों का मिरदंग छीन लिया था। ...बेताला बजा रहा था। ठीक है न?
मिरदंगिया की खिचड़ी दाढ़ी मानो अचानक सफ़ेद हो गई। उसने अपने को सम्हालकर पूछा-तुम्हारे बाप का क्या नाम है?
-अजोधादास!
-अजोधादास?
बूढ़ा अजोधादास, जिसके मुँह में न बोल, न आँख में लोर।...मण्डली में गठरी होता था। बिना पैसे का नौकर बेचारा अजोधादास?
-बड़ी सयानी है तुम्हारी माँ। एक लम्बी साँस लेकर मिदंगिया ने अपनी झोली से एक छोटा बटुआ निकाला। लाल-पीले कपड़ों के टुकड़ों को खोलकर कागज़ की एक पुड़िया निकाली उसने।
मोहन ने पहचान लिया-लोट? क्या है, लोट?
- हाँ, नोट है।
-कितने रुपये वाला है? पँचटकिया। ऐं.....दसटकिया? ज़रा छूने दोगे? कहाँ से लाए? मोहना एक साँस में सब-कुछ पूछ गया - सब दसटकिया हैं?
-हाँ, सब मिलाकर चालीस रुपये हैं। मिरदंगिया ने एक बार इधर-उधर निगाहें दौड़ाईं; फिर फुसफुसाकर बोला-मोहना बेटा! फारबिसगंज के डागडर बाबू को देकर बढ़िया दवा लिखा लेना।...खट्टा-मिट्ठा परहेज़ करना।....गरम पानी ज़रूर पीना।
-रुपये मुझे क्यों देते हो?
-जल्दी रख ले, कोई देख लेगा।
मोहना ने भी एक बार चारों ओर नज़र दौड़ाई। उसके ओठों की कालिख और गहरी हो गई।
मिरदंगिया बोला-बीड़ी-तम्बाकू भी पीते हो? खबरदार!
वह उठ खड़ा हुआ।
मोहना ने रुपये ले लिये।
-अच्छी तरह गाँठ में बाँध ले। माँ से कुछ मत कहना।
-और हाँ, यह भीख का पैसा नहीं। बेटा यह मेरी कमाई के पैसे हैं। अपनी कमाई के....।
मिरदंगिया ने जाने के लिए पाँव बढ़ाया। मेरी माँ खेत में घास काट रही हैं, चलो न! - मोहना ने आग्रह किया।
मिरदंगिया रुक गया। कुछ सोचकर बोला-नहीं मोहना! तुम्हारे जैसा गुणवान बेटा पाकर तुम्हारी माँ ‘महारानी’ हैं, मैं महाभिखारी दसदुआरी हूँ। जाचक, फकीर.....। दवा से जो पैसे बचें, उसका दूध पीना।
मोहना की बड़ी-बड़ी आँखें कमलपुर के नन्दू बाबू की आँखों जैसी हैं...।
-रे मो-ह-ना-रे-हे! बैल कहाँ हैं रे?
-तुम्हारी माँ पुकार रही है शायद।
- हाँ। तुमने कैसे जान लिया?
-रे-मोहना-रे-हे!
एक गाय ने सुर-में-सुर मिलाकर अपने बछड़े को बुलाया।
गाय-बैलों के घर लौटने का समय हो गया। मोहना जानता है, माँ बैल हाँककर ला रही होगी। झूठ-मूठ उसे बुला रही है। वह चुप रहा।
-जाओ। मिरदंगिया ने कहा-माँ बुला रही हैं जाओ। ...अब से मैं पदावली नहीं, रसपिरिया नहीं, निरगुन गाऊँगा। देखो, मेरी उँगली शायद सीधी हो रही है। शुद्ध रसपिरिया कौन गा सकता है आजकल?
"अरे, चलू मन, चलू मन-ससुरार जइवे हो रामा,
कि आहो रामा,
नैहरा में अगिया लगायब रे-की...।"
खेतों की पगडंडी, झरबेरी के जंगल के बीच होकर जाती है। निरगुन गाता हुआ मिरदंगिया झरबेरी की झाड़ियों में छिप गया।
-ले। यहाँ अकेला खड़ा होकर क्या करता है? कौन बजा रहा था मृदंग रे? घास का बोझा सिर पर लेकर मोहना की माँ खड़ी है।
-पँचकौड़ी मिरदंगिया।
-ऐं, वह आया है? आया है वह? उसकी माँ ने बोझ जमीन पर पटकते हुए पूछा।
-मैंने उसके ताल पर रसपिरिया गया है। कहता था, इतना शुद्ध रसपिरिया कौन गा सकता है आजकल! ...उसकी उँगली अब ठीक हो जाएगी।
माँ ने बीमार मोहना को आह्लाद से अपनी छाती से सटा लिया।
-लेकिन तू तो हमेशा उसकी टोकरी-भर शिकायत करती थी; बेईमान है, गुरु-द्रोही है झूठा है।
- है तो! वैसे लोगों की संगत ठीक नहीं। ख़बरदार, जो उसके साथ फिर कभी गया। दसदुआरी जाचकों से हेलमेल करके अपना ही नुकसान होता है। .
..चल, उठा बोझ।
मोहना ने बोझ उठाते समय कहा-जो भी हो, गुनी आदमी के साथ रसपिरिया...।
-चोप! रसपिरिया का नाम मत ले।
अजीब है माँ। जब गुस्सायेगी तो बाघिन की तरह और जब खुश होती है तो गाय की तरह हुंकारती आएगी और छाती से लगा लेगी। तुरंत खुश, तुरंत नाराज।....
दूर से मृदंग की आवाज़ आई-धा तिंग, धा तिंग।
मोहना की माँ खेत की ऊबड़-खाबड़ मेड़ पर चल रही थी। ठोकर खाकर गिरते-गिरते बची। घास का बोझ गिरकर खुल गया। मोहना पीछे-पीछे मुँह लटकाकर जा रहा था। बोला -क्या हुआ, माँ?
- कुछ नहीं।
- धा तिंग, धा तिंग!
मोहना की माँ खेत की मेड़ पर बैठ गई। जेठ की शाम से पहले जो पुरवैया चलती है, धीरे-धीरे तेज़ हो गई। ....मिट्टी की सोंधी सुगन्ध हवा में धीर-धीरे घुलने लगी।
-धा तिंग, धा तिंग!
-मिरदंगिया और कुछ बोलता था, बेटा? मोहना की माँ आगे कुछ न बोल सकी।
-कहता था, तुम्हारे-जैसा गुणवान बेटा पाकर तुम्हारी माँ महारानी है, मैं तो दसदुआरी हूँ...।
- झूठा, बेईमान! मोहना की माँ आँसू पोंछकर बोली। ऐसे लोगों की संगत कभी मत करना।
मोहना चुपचाप खड़ा रहा।

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...